उरई। मुकदमे की रंजिश में फर्जी मुकदमा लिखाने की शिकायत पीड़ित पक्ष ने शुक्रवार को एसपी से की है। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा चिरैया निवासी बाबूराम ने शुक्रवार को एसपी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अल्का उर्फ अनुष्का की शादी वर्ष 2013 में जालौन के मोहल्ला फर्दनवीस निवासी ज्ञानेश कुमार पुत्र बाबूराम के साथ की थी जिसमें उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। शादी के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने नवविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इस मामले में दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। पीड़ित ने बताया कि लड़का पक्ष द्वारा हम लोगों पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है और समझौता न करने पर हमारे खिलाफ लगातार फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। आरोपी पक्ष ने थाना रामपुरा में दबाव बनाने के लिए उनके पूव ग्राम प्रधान पर फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद बहू सविता देवी के खिलाफ भी एक मुकदमा न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को उनका बेटा भूपेंद्र न्यायालय में सुनवाई के लिए तारीख पर आया था। वह तारीख से वापस घर गया तो उसे पता चला कि उन लोगों के खिलाफ फिर से एक और फर्जी मुकदमा उरई कोतवाली में दर्ज हो गया है। पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि इस फर्जी मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाकर फर्जी मुकदमे दर्ज कराने वाले पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाए।







Leave a comment