कोंच। कोंच की अस्त व्यस्त सीवेज व्यवस्था से नागरिक बुरी तरह से परेशान हैं, तिलक नगर मोहल्ले में सिद्घेश्वर मंदिर इलाके में सड़क पर अठखेलियां करती सीवर की गंदगी को लेकर पूर्व में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेकर यद्यपि जल संस्थान ने वहां सफाई की औपचारिकता निभाई जरूर थी लेकिन दो दिन बाद ही स्थिति जस की तस हो जाने से लोगों को भारी तकलीफ हो रही है। ठेकेदार का कहना है कि लाइनें चोक हो चुकी हैं और समस्या काफी गंभीर है। विभाग के पास संसाधनों का टोटा है। पालिका की सीवर जेटिंग मशीन से सफाई कराई गई थी लेकिन ठेकेदार का कहना है कि उस मशीन में नोजिल खराब होने के कारण वह अपना काम ठीक ढंग से नहीं कर पाई।
हालांकि कोंच की चार दशक पुरानी सीवेज व्यवस्था को लेकर जल संस्थान के आला अधिकारी मानते हैं कि मौजूदा हालातों में यह पूरी तरह से बर्बाद हो गई है और इसके पुनर्गठन की आवश्यकता है। कई दफा पुनर्गठन के प्रस्ताव भी शासन को भेजे गये लेकिन शासन ने यहां के लोगों की तकलीफों को समझने का कभी प्रयास ही नहीं किया और न ही प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकी। अब तो हालात यह हैं कि इसने अब नागरिकों को रुलाना शुरू कर दिया है। सालों से जगह जगह ओवरफ्लो होने बाले चैम्बरों से निजात मिल पाना शायद टेढी खीर ही है। रखरखाव बिल्कुल बंद है, नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति नरकीय हो चुकी है। जल संस्थान के अधिकारियों का कोई अता पता नहीं है। नईबस्ती तिराहे पर सिद्घेश्वर मंदिर के ठीक सामने स्थित सीवर चैंबर गंदगी उगल रहा है जिसके चलते दर्शनार्थियों को भीषण बदबू से तो दो चार होना ही पड़ता है, सीवर की इस गंदगी से गुजर कर मंदिर तक पहुंचा जा सकता है। इलाकाई लोगों ने एसडीएम के यहां शिकायत की तो सफाई कराने की औपचारिकता पूरी कर दी गई, जबकि समस्या जहां की तहां है। यह तो मात्र एक उदाहरण भर है वरना पूरे नगर में सीवर का यही हाल है।”





Leave a comment