11orai01उरई। झांसी-इलाहाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को देर रात तक जारी रही। प्रथम वरीयता के मतों से फैसला न होने पर द्वितीय वरीयता को गिना गया। इस कवायद के चलते आखिरी तक बेहद रोमांचक और उत्तेजक माहौल रहा। अंततोगत्वा निवर्तमान एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी अपनी सीट बचाने में सफल रहे। हालांकि उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर से कांटे का मुकाबला झेलना पड़ा।
शिक्षक विधायक के लिए हुई मतों की गणना में काफी उतार-चढ़ाव की स्थिति रही। पहले चक्र में जब अशोक कुमार राठौर ने सुरेश त्रिपाठी के मुकाबले बढ़त हासिल कर ली तो झांसी में मतगणना परिसर में लोग सांस रोककर मतगणना के अगले चरण को देखने के लिए मजबूर हो गये। हालांकि प्रथम वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने पर सुरेश त्रिपाठी ने अशोक कुमार राठौर के मुकाबले 1050 मतों से बढ़त हासिल कर ली थी। लेकिन निर्वाचन के लिए उन्हें मिले मत पूरे न होने की वजह से द्वितीय वरीयता को गिनने का आदेश दिया गया।
अंतिम गणना में सुरेश कुमार त्रिपाठी को 8456 जबकि अशोक कुमार राठौर को 6931 मत मिले। इस तरह सुरेश कुमार त्रिपाठी को 1535 मतों से निर्वाचित घोषित कर दिया गया। अन्य उम्मीदवारों में लाल बिहारी यादव को 3731, लवकुश मिश्रा को 2419, जंग बहादुर पटेल को 1159, रामसेवक त्रिपाठी को 779, लालमणि द्विवेदी को 496 और त्रिवेणी प्रसाद त्रिपाठी को 131 मत मिले।
इस तरह सुरेश कुमार त्रिपाठी को तीसरी बार एमएलसी निर्वाचित होने पर शिक्षक नेताओं ने तमाम बधाइयां दीं। परिणाम की घोषणा के बाद त्रिपाठी जालौन जिले के प्रमुख शिक्षक नेता रामजी गुर्जर से गले लगकर लिपट पड़े।

Leave a comment