0 चोरी छिपे गैस रिफलिंग कराते वक्त हुआ हादसा
0 मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने बुझाई आग, मारुति वैन जलकर खाक
उरई। अवैध तरीके से गैस रिफलिंग करते वक्त अचानक मारुति वैन में आग लग गई। इससे वहां पर हडकंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाडी ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया तभी गाड़ी में लगे गैस का टैंक भी विस्फोट के साथ फट गया। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि हादसे मे कोई जनहानि नहीं हुई। मारुति वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना से पूरे कस्बे में घंटों हड़कंप की स्थिति रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार कालपी के मोहल्ला गणेशगंज निवासी मंटू विश्नोई को कानपुर में किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जाना था। इसी के चलते वह अपनी मारुति वैन क्रमांक यूपी 78 डीक्यू 9407 में अवैध तरीके से लगे टैंक में गैस डलवाने के लिए चले गए। कस्बा स्थित मोहल्ला रामचबूतरा में रामबाग स्कूल के पास वह चोरीछिपे तरीके से गैस की रिफलिंग करा रहे थे। इसी दौरान गैस का रिसाव होने से अचानक आग लग गई। पलक झपकते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मारुति वैन से आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। यह देख लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी आग बुझाने का प्रयास कर रही थी कि तभी वैन में लगा गैस टैंक तेज धमाके के साथ फट गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। गैस का टैंक फटने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए। काफी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया तब धीरे-धीरे हालात सामान्य हुए। बहरहाल इस पूरे घटनाक्रम से कस्बे में घंटों दहशत का माहौल रहा।

Leave a comment