उरई : नगर कोतवाली क्षेत्र में कुकगांव के पास मंगलवार कोमलंगा नदी में एक महिला का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई है। अभी मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्या के नजरिये से ही मामले की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।
बरहा व कुकरगांव के पास नदी में मंगलवार को कुछ चरवाहों ने एक शव उतराते हुए देखा। इसकी जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव की शिनाख्त का प्रयास शुरू किया गया लेकिन कोई भी शव की पहचान नहीं कर पाया। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतका कहीं बाहर की है। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास होगी। हालात को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं से अगवा कर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। संदेह के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। शव की शिनाख्त के लिए फोटो गश्ती जारी कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा कि मामला हत्या का है या फिर डूबने की वजह से उसकी मृत्यु हुई है।







Leave a comment