उरई। जनता दल यू के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैया जी के प्रति शनिवार को उरई में आयोजित जनसभा में सीएम अखिलेश यादव द्वारा दिखाई गई कृतज्ञता के राजनैतिक निहितार्थ खोजे जा रहे हैं।
भैया जी की कुर्मी समाज में खासी पकड़ मानी जाती है। समाजवादी पार्टी ने जिले में कुर्मियों की अच्छी-खासी तादाद के मददेनजर रमा निरंजन को एमएलसी निर्वाचित करवाया था। लेकिन भाजपा ने माधौगढ़ में जब मूलचंद निरंजन को उम्मीदवार बना दिया तो हवा पलट गई। रमा निरंजन के पति गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में लगातार जिले में जनसंपर्क कर रहे हैं लेकिन इफैक्टिव साबित नही हो पा रहे हैं। सीएम अखिलेश तक भी यह फीडबैक पहुंचा तो उनके माथे पर सलवटें थीं। इसी बीच सुरेश निरंजन भैया जी ने समाजवादी पार्टी को प्रदेश भर में समर्थन की घोषणा कर दी। इसका मनोवैज्ञानिक असर गठबंधन की हवा पर हर जगह होगा लेकिन जालौन जिले की तीनों सीटों के लिए इसकी विशेष उपयोगिता है। भैया जी को लखनऊ से हैलीकाॅप्टर पर अपने साथ उरई तक लाने और मंच से उन्हें नवाजने के पीछे अखिलेश का लक्ष्य कुर्मी वोटरों को साधना रहा। जिसका कितना असर होगा यह तो वोटिंग के दिन पता चलेगा लेकिन भैया जी के प्रभाव को देखते हुए भाजपा खेमा इसके चलते बेचैन हो गया है।







Leave a comment