20orai04उरई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पद की गरिमा भूलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वे कब्रिस्तान वर्सेज श्मशान की बात करने लगे हैं। राज बब्बर ने तंज कसते हुए कहा कि गुजरात के दो अपराधियों ने झूठ बोलकर देश को छलने का काम किया है। इस चुनाव में प्रदेश की जनता साम्प्रदायिक शक्तियों को सबक सिखायेगी।
कस्बा कालपी के एमएस इंटर काॅलेज ग्राउंड में सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक उमाकांति सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए राज बब्बर ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय नरेंद्र मोदी अपनी हर चुनावी जनसभा में कहते थे कि उनकी सरकार आयेगी तो विदेशों में जमा कालाधन वापस लाकर वे हर एक के खाते में 15 लाख रुपये जमा करायेगें। लेकिन तीन वर्ष का समय गुजर गया फिर भी किसी के खाते में एक धेला नही आया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर अपने वायदे भूल जाना बीजेपी नेताओं की फितरत हो गई है। एक बार फिर प्रधानमंत्री और दूसरे भाजपाई नेता किसानों के कर्जमाफी की घोषणा कर रहे हैं। लेकिन गददी मिलने के बाद वे इस वायदे को भी भूल जायेगें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश ने प्रदेश ने साम्प्रदायिक शक्तियों को रोकने के लिए गठबंधन किया है। जिसे बहुमत मिलना तय है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनेगें और तब राहुल गंाधी की मंशा के अनुरूप बिना शर्त किसानों के कर्जें माफ किये जायेगे और बिजली का बिल समाप्त किया जायेगा।
उन्होंने याद दिलाया कि किसानों की मदद की भावना के चलते डाॅ. मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री रहते हुए 72 लाख करोड़ रुपये के किसानों के कर्जे माफ किये थे। प्रधानमंत्री अगर किसानों का दर्द समझते होते तो वे भी उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम आने के पहले ही किसानों को कर्जा माफी का लाभ दे चुके होते।
जनसभा में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, सुरेंद्र सिंह सरसेला, सत्यपाल शर्मा, कमाल अहमद, राजेंद्र बाबू मिश्रा, रेहान सिददीकी, कालपी नगर पालिका के चेयरमैन कमर अहमद, रामप्रकाश गुप्ता, प्रदीप दीक्षित आदि उपस्थित रहे।

Leave a comment