0 डीजे के मुआयने के दौरान वकीलों ने उठाईं कई मांगें
कोंच-उरई। जिला जज प्रदीप कंसल ने बुधवार को सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट का निरीक्षण कर अधीनस्थ जेएम वीके कटियार को जरूरी निर्देश दिये। उन्होंने मुंसिफी की बाउंड्री बॉल के हो रहे निर्माण में मानकों की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताते हुये निर्माण कार्य रुकवा दिया और जांच के आदेश भी दिये हैं। इस दौरान कोंच बार के वकीलों ने भी तमाम मांगें उनके समक्ष रखीं जिन पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का डीजे ने भरोसा दिया।
डीजे प्रदीप कंसल ने मुंसिफी का वार्षिक मुआयना किया। उन्होंने कोर्ट कार्यों के अलावा बिल्डिंग और अभिलेखों के रखरखाव पर भी नजर डाली। परिसर की बाउंड्री के हो रहे निर्माण को उन्होंने बहुत ही बारीकी से देखा और पाया कि निर्माण गुणवत्ता विहीन हो रहा है जिस पर उन्होंने खासी नाराजगी जताई और निर्माण कार्य रोकने के आदेश के साथ ही निर्माण की जांच के भी आदेश दिये हैं। फिलहाल, साफ सफाई व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जताया। इस दौरान वहां मौजूद अधिवक्ताओं संतलाल अग्रवाल, ब्रजेन्द्र नायक, रामकुमार खरे, नृसिंह बुंदेला, मनोज गुप्ता, अरुण वाजपेयी, शहजाद अहमद, योगेन्द्र अरूसिया, नरेन्द्र पुरोहित आदि ने पिछले काफी समय से रिक्त चल रही अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन की कोर्ट में न्यायिक अधिकारी की शीघ्र नियुक्ति की मांग की। वकीलों ने जीर्णशीर्ण भवन के निर्माण, 125 सीआरपीसी के उरई में चलने बाले मुकदमों की सुनवाई कोंच में करने की भी मांग उठाई। इन मांगों को लेकर डीजे ने सकारात्मक रुख दिखाया।





Leave a comment