boycott1
कोंच-उरई । गुरुवार को चौथे चरण के मतदान में बुंदेलखंड की माधौगढ विधानसभा सीट पर वोट डाले गये। निर्वाचन आयोग और प्रशासन की मतदाता जागरूकता की तमाम कवायदों के बाबजूद भी मतदान प्रतिशत अपेक्षित रेखा को नहीं छू सका और लगभग 58 फीसदी वोटों के आंकड़े पर सिमट गया, जबकि कोंच नगर में केवल 53 फीसदी वोट पडऩे की खबरें हैं। रोड की मांग को लेकर शिवनी बुजुर्ग, शिवनी खुर्द, तजपुरा, बरहा आदि गांवों में पूर्व घोषित मतदान का बहिष्कार कर रहे मतदाताओं ने स्थानीय प्रशासन की नहीं सुनी लेकिन जैसे ही डीएम और एसपी शिवनी पहुंचे और सड़क समेत अन्य समस्याओं को लेकर उनके निदान का पक्का भरोसा दिया तभी तीन गांव के वोटर अपना वोट डालने बूथों पर गये लेकिन तजपुरा के मतदाता नहीं माने और उनका बहिष्कार शाम तक जारी रहा। इतना ही नहीं, ऊधम मचा रहे तजपुरा के ग्रामीणों को पुलिस ने जमीन पर लाठियां पटक कर खदेड़ा। ग्रामीण इस बात को लेकर गुस्से में रहे कि डीएम शिवनी तक तो आईं लेकिन तजपुरा क्यों नहीं आईं। बहरहाल, एसडीएम और सीओ लेबिल के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन शाम तक वहां एक भी वोट नहीं पड़ा।

boycott2
‘रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ शिवनी बुजुर्ग, शिवनी खुर्द, बरहा, तजपुरा आदि गांवों में मतदान के बहिष्कार का फैसला लिया गया था। ग्रामीणों ने जब दस बजे तक वोट नहीं डालने शुरू किये तो एसडीएम मोईन उल इस्लाम, सीओ नवीनकुमार नायक और एसओ नदीगांव हेमंतकुमार शिवनी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वे डीएम को मौके पर बुलाये जाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में डीएम संदीप कौर और एसपी स्वप्निल ममगैन भी वहां पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझा कर मतदान के लिये तैयार कर लिया। दोपहर सवा बारह बजे से शिवनी और बरहा के मतदाताओं ने वोट डालने शुरू कर दिये थे। तजपुरा भी शिवनी का ही मजरा गांव है लेकिन वहां के ग्रामीण इस बात को लेकर काफी खफा रहे कि डीएम एपी तजपुरा तक क्यों नहीं आये। वहां एसडभ्एम और सीओ ने काफी प्रयास किया लेकिन वे मानने के बजाये हुल्लड़बाजी पर आमादा हो गये, तब पुलिस ने जमीन पर लाठियां पटक कर उन्हें खदेड़ा। बहरहाल, तजपुरा में एक भी वोट नहीं पड़ सका। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे, सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवान काफी सख्ती पर आमादा रहे और लोगों को पोलिंग बूथों के आसपास फटकने भी नहीं दिया। लोकल पुलिस में कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी अपने फौज फांटे के साथ बूथों की निगरानी और ड्यूटी में लगे जवानों को रसद पहुंचाने में लगे रहे। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट्स भी मोबाइल में बूथों का हाल चाल और ताजा जानकारियां जुटाते रहे।

इंसेट में-
कई जगह खराब रहीं ईवीएम, बाधित रहा मतदान
गुरुवार को चौथे चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हो चुका था लेकिन कई बूथों ईवीएम खराब होने के चलते घंटों मतदान बाधित रहा। मशीनें बदले जाने के बाद ही वहां दोबारा वोटिंग शुरू कराई जा सकी। ग्राम भदारी में तो दो बार मशीन में गड़बड़ी आई और दोनों बार ही उन्हें बदलना पड़ा। ग्राम विरगुवां में बूथ संख्या 498 में सुबह 9.05 बजे मशीन खराब हो गई और आधे घंटे वोटिंग बाधित रही। तहसील परिसर में बूथ संख्या 481 में भी ईवीएम की गड़बड़ी के चलते मतदान आधा घंटा रुका रहा। अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कॉलेज के बूथ में अंधेरा होने के कारण वोटरों को चुनाव चिन्ह देखने में परेशानी हुई और यह गड़बड़ी दूर नहीं की जा सकी थी।

Leave a comment