उरई। डीएवी इंटर काॅलेज की सड़क पर जर्जर तार के अचानक टूट कर गिर जाने से माहिल तालाब पर मोर्निंग वाॅक के लिए आने-जाने वाले लोगों में भगदड़ मच गई। लेकिन गनीमत यह रही कि बजरंगवली के अवतार समझे जाने वाले एक बंदर ने अपनी बलि देकर भीड़ की अल्प टाल दी।
शहर में विद्युत लाइन और पोल बदलने में करोड़ों रुपये का बजट हाल ही में फूंका जा चुका है लेकिन फर्जी काम होने की वजह से अभी तक जर्जर लाइनें ज्यों की त्यों कायम हैं। डीएवी इंटर काॅलेज वाले रोड के गेट से सुबह शाम माहिल तालाब पर टहलने के लिए जाने वालों का तांता लगा रहता है। यह जानते हुए भी रामलीला मैदान में जर्जर लाइन को बदलवाने पर बिजली विभाग ने कोई गौर अभी तक नही किया था। आज यहां एक तार सुबह साढ़े दस बजे के लगभग टूटकर गिरा उस समय भी लोगों की आवाजाही चल रही थी जिससे यह तार गंभीर अनर्थ का कारण बन सकता था। लेकिन एक बंदर ने कई लोगों की मौत को अपने ऊपर ले लिया। लोगों का कहना है कि ईश्वरीय प्रेरणा की वजह से ही तार लाइन के नीचे से गुजर रहे लोगों की ओर से डायवर्ट होकर बंदर की ओर घूम गया जिससे बंदर की शहादत हो गई और लोग निरापद बच गये। बजरंगवली के साक्षात कृपा के इस अनुभव ने लोगों को विव्हल कर दिया और बंदर के शव पर देर तक लोगों की रुलाई फूटती रही।

Leave a comment