उरई। जिले में पुलिस के संरक्षण की वजह से टोल बैरियर के लठैतों की दबंगी राहगीरों को झेलनी पड़ रही है। एट में रात में घंटों तक टोल बैरियर कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से जाम लगा रहता है और किसी के कुछ कहने पर बैरियर के लठैत रोडवेज बस का स्टाॅफ हो या प्राइवेट वाहन वाले उसकी मरम्मत के लिए तैयार हो जाते हैं जिससे लोगों को जुबान बंद कर लेनी पड़ती है। सोमवार को एक डीसीएम चालक पर टोल स्टाॅफ का मूड तब बिगड़ गया जब पर्ची कटाने के लिए उसने दो हजार रुपये का नोट थमाया। इस पर पर्ची काटने वाला मुनीम बिगड़ गया और उसके सहयोग के लिए दौड़े लठैतों ने आव देखा न तांव डीसीएम चालक देवेंद्र की लोगों के बचाते-बचाते चटनी बना दी। खून-खच्चर हालत हो जाने पर वैसे तो टोल वालों की ताबेदारी करने वाली पुलिस ने मौके की नजाकत के मददेनजर ड्राइवर को बहुत सलीके से मैनेज किया। इसी बीच टोल के मैनेजर श्री शुक्ला ने बताया कि डीसीएम ड्राइवर को गलत फहमी हो गई थी। थाने की पुलिस और हम लोगों ने उससे बात की जिस पर वह संतुष्ट हो गया और मामला निपट गया है।

Leave a comment