
कोंच-उरई। दूध देती गाय बन गया है अवैध खनन, जब भी पुलिस या प्रशासन को लगता है कि ये अबैध खनन करने वाले हाथों से निकलते जा रहे हैं, झट से बालू लदे ट्रक, ट्रालियां या डंपर पकड़ लिये जाते हैं ताकि उन पर दबाव बना रहे। सोमवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ, पुलिस के एक दरोगा ने चार ट्राली बालू अबैध खनन में पकड़ कर कोतवाली में खड़ी करवा दी लेकिन चार घंटे बाद ही यह बालू फील गुड करके छोड़ दी गई। हालांकि इसमें से दो ट्राली तहसील इलाके के आवासीय परिसर में डंप करा ली गई जबकि दो को छुट्टा जाने दिया गया। पुलिस का यह कहना कि इन पर खनन विभाग से जुर्माना लगाया गया है, जबकि खनन विभाग का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। हकीकत यह है कि इस मामले को खनन में दर्शाया ही नहीं गया है बल्कि बिना नंबर के ट्रैक्टर बता कर पांच पांच सौ रुपये जुर्माना ठोंक कर उन्हें निकलने के लिये रास्ता बनाया गया है।
अवैध खनन ने इस जिले की नदियों को खोखला कर दिया है, भारी पैमाने पर लाल सोने की लूट हुई है जो अभी भी जारी है। जब से मामला कोर्ट ने संज्ञान में लिया है तब से यदा कदा दो चार बालू के ट्रक, ट्रालियां या डंपर पकड़ कर खानापूर्ति कर दी जाती है। कुल मिला कर यह लाल सोना न केवल खनन माफिया की तिजोरियां भरने का जरिया बना है अपितु अधिकारी भी इस में गोते लगा कर मालामाल हो रहे हैं। सोमवार की सुबह एक दरोगा ने चार बालू लदी ट्रालियां पकड़ीं और उनसे कागज मांगे लेकिन कागजों को ड्राइवर दिखा नहीं सके जिसके चलते चारों ट्रालियां कोतवाली में खड़ी करवा दी गईं।

कोई चार घंटे बाद अचानक वे सभी ट्रालियां छोड़ दी गईं। पुलिस ने खानापूर्ति के लिये ट्रैक्टरों पर नंबर नहीं हाने का चार्ज लगाया और पांच पांच सौ रुपया वसूल कर उन्हें जाने के लिये कह दिया गया। बताया जा रहा है कि इस मामले में डील हुई जिसके बाद दो ट्राली बालू तहसील के आवासीय परिसर में डंप कराई गई और दो को बाइज्जत जाने दिया गया। जब इस बाबत पूछा गया तो कहा गया कि उनके पास बालू कागज थे जिसके कारण उन्हें छोडना पड़ा। अब ये दलील शायद ही किसी के गले उतरे कि अगर कागज थे तो ट्रालियां पकड़ी क्यों गईं, वाहन पर नंबर नहीं होने का जुर्माना तो सड़क पर भी बसूला जा सकता था, उन्हें कोतवाली लाने की जरूरत ही क्या थी। बहरहाल, खनन अधिकारी से जब बात की गई तो उनका कहना था कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है।







Leave a comment