
कोंच-उरई। कोंच कस्बे में जाम एक बड़ी समस्या बना हुआ है। चाहे मुख्य राजमार्ग हो या बाजार, हर तरफ बेतहाशा पसरा अतिक्रमण और वाहनों का अनियंत्रित चालन इस जाम की एक बड़ी वजह है। कस्बे के अंदर और यहां से निकलने वाले सभी मार्गों पर आपों की आपाधापी के कारण भी जाम की समस्या उत्पन्न होती है लेकिन इन्हें रोकने टोकने बाला कोई नहीं है।
कस्बें में चारों तरफ अतिक्रमण का साम्राज्य है, चाहे मुख्य राजमार्ग हो या कि बाजार, अतिक्रमण ने अच्छे खासे चैड़े रोडों को संकरी पगडंडी बना कर रख दिया है। बाजारों की स्थिति तो यह है कि दुकानदार अपनी दुकान का सारा सामान बाहर लाकर सड़कों पर रख देता है और इसके बाद ग्राहकों की साइकिलें और बाईकें खड़ी हो जाती हैं, ऐसे में लोगों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है। प्रशासन ने कई दफा अतिक्रमण हटाने के लिये अभियान चलाये लेकिन हर बार मामला टांय टांय फिस्स होता रहा है। इसके इतर कस्बे में तकरीबन दो सैकड़ा थ्री व्हीलर्स भी बड़ी समस्या बने हुये हैं। अधिकांश थ्री व्हीलर नाबालिग हाथों में तो हैं ही, इनका बेतरतीब चालन भी दुर्घटनाओं को न्यौता देने बाला है। सवारियां चढाने उतारने के लिये जहां मर्जी हुई ब्रेक लगा दिये, इस स्थिति में कई दफा पीछे आ रहे वाहन इनसे भिड़ जाते हैं और विवाद का कारण बनते हैं। प्रशासन में बैठे अधिकारियों ने कई बार दुकानदारों के साथ बैठकें कर समस्या के निदान में सहयोग का आह्वान भी किया और दुकानदारों ने भरोसा भी दिया किंतु आदतें वही पुरानी बनी रहीं। इलाकाई बाशिंदों ने अतिक्रमण पर गंभीरता के साथ संज्ञान लेने और यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिये ट्रैफिक के सिपाही कोंच के मुख्य मुख्य प्वाइंट्स पर लगाने की मांग की है।







Leave a comment