उरई। घर में अकेली महिला को दबोचकर चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म कर डाला। 22 फरवरी को हुई गैंगरेप की घटना की जानकारी से हिली पुलिस मामलेे को दबाने का प्रयास करती रही लेकिन पीड़िता की फरियाद उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद आखिरकार चार दिन बाद पुलिस को मुकदमा लिखना पड़ा।
डकोर थाना क्षेत्र के जैसारी कलां में 22 फरवरी को शाम 5 बजे गांव के ही चार लोगों चंद्रपाल, अरुण, अंकुर और रामस्वरूप ने एक घर में धावा बोल दिया। घर की महिला पर उनकी पहले से बुरी निगाह थी। जिसके कारण वे मौके की तांक में थे। घटना के दिन महिला को छोड़कर पूरा परिवार खेतों पर काम करने गया था। जिससे पीड़िता घर में अकेली थी।
महिला कुछ समझ पाती इसके पहले ही चारों ने हावी होकर उसे अशक्त कर दिया और बारी-बारी से उसके साथ मुंह काला कर डाला। जाते समय वे पुलिस को खबर देने पर पूरे घर को जान से मारने की धमकी देते गये। दबंगों की इस धमकी की वजह से पहले महिला और उसके घरवालों की खुलकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की हिम्मत नही पड़ी। थाना पुलिस को उन्होंने आहिस्ते से सूचना की तो पुलिस में हड़कंप मच गया। उसकी कमजोरी का फायदा उठाने के लिए पुलिस उसे रिपोर्ट न लिखाने को मैनेज करती रही। बाद में महिला और उसके परिजन बुरा काम करने वालों को सजा दिलाने पर आमादा हो गये। इसलिए उन्होंने पुलिस में उच्च स्तर पर संपर्क साधा तब मुकदमा लिखा गया।
इस बीच डकोर के प्रभारी निरीक्षक विमलकांत मिश्रा ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वे पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। उनके संभावित ठिकानों पर कई जगह दबिश दी गई है लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नही लगा है।







Leave a comment