0 फिकरेबाजी व छेड़खानी की शिकार महिला को नहीं मिली यूपी 100 की सेवा का लाभ
konch1कोंच-उरई। यूपी की सपा सरकार की अति महत्वाकांक्षी यूपी 100 डायल योजना अपनी कसौटी पर खरी नहीं उतर रही है, इसकी बानगी बुधवार को तब देखने को मिली जब कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर में पहले फिकरेबाजों की फब्तियों फिर छेड़खानी की शिकार एक महिला ने यूपी 100 पर कॉल की। महिला को उस वक्त बड़ी निराशा हाथ लगी जब इस सेवा की गाड़ी एक घंटे तक भी मौके पर नहीं पहुंची, मजबूरन महिला को कोतवाली तक आना पड़ा। इसके बाद ही कोतवाली पुलिस मौके की ओर रवाना हुई।
गौरतलब है कि मुख्य मंत्री अखिलेश यादव ने अपराधों पर नकेल कसने और पीड़ितों तक तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की गरज से विदेशी तर्ज पर सूबे में यूपी 100 डायल सेवा शुरू की थी। सरकार का मकसद बिल्कुल साफ है कि किसी भी अपराध के घटित होने की स्थिति में यदि कोई 100 नंबर डायल करता है तो उसे शहरों में पंद्रह मिनट और ग्रामीण इलाकों में बमुश्किल बीस मिनट में पुलिस सहायता मिल सके। कोंच में बुधवार को सरकार की यह मंशा हवा में चिंदियों की तरह बिखरी नजर आई। बुधवार को दोपहर कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर में इलाके के ही कतिपय शोहदे एक महिला पर खुलेआम फब्तियां कसते रहे और महिला द्वारा यूपी 100 को सूचना देने के बाद भी उसे इस सेवा का लाभ नहीं मिल सका। एक घंटे तक जब यूपी 100 की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची तो महिला को मजबूरन कोतवाली तक आकर अपनी शिकायत दर्ज करानी पड़ी। महिला ने शराफत, नूरे और एप्रोज पर घर में घुस कर छेड़खानी का आरोप लगाया, इसके बाद कोतवाली के एसएसआई अजयकुमार सिंह फोर्स लेकर मौके पर गये लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

Leave a comment