0 मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ प्रशासन का बड़ा अभियान
0 जिलाधिकारी के निर्देश पर होली के दृष्टिगत आधा दर्जन दुकानों से लिये गये सैंपल
0 पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी रहे अभियान में शामिल
konch1 konch2कोंच-उरई। होली का त्योहार नजदीक आते ही नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगाम कसने की मंशा से खाद्य सुरक्षा विभाग के कई अधिकारियों ने कोंच के बाजारों में छापेमारी की जिससे हड़कंप मच गया और तमाम दुकानदार शटरें पटक कर नौ दो ग्यारह हो गये। अधिकारियों ने कमोवेश आधा दर्जन दुकानों से विभिन्न चीजों के दर्जन भर नमूने सील करके परीक्षण के लिये भेजे हैं। यह समूची कार्यवाही जिलाधिकारी संदीप कौर के निर्देश पर की गई है जिसमें स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहे।
होली और दीवाली के त्योहारों पर नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों से बाजार भर जाते हैं और इनकी बिक्री धड़ल्ले से होती है। अव्वल तो इस प्रकार के सामान से उपभोक्ताओं की जेबें कटती हैं तो वहीं दूसरी ओर जन स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ होता है। बैसे भी कोंच नकली के मामले में कुख्यात है और यहां तलघरों में नकली घी बनाने के कारखाने आबाद हैं लेकिेन बड़ी मछलियां कभी भी पकड़ में नहीं आती हैं या फिर पकडने के प्रयास नहीं किये जाते हैं। बहरहाल, अबकी दफा होली के रंग बदरंग न हों इसके लिये जिला प्रशासन सख्ती पर उतरा है। डीएम संदीप कौर के निर्देश पर शनिवार को पदाविहित अधिकारी डॉ. प्रियंका सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोंच मानसिंह निरंजन, जालौन वीरेन्द्र सिंह, माधौगढ़ अनिल प्रताप तथा सहायक रमेशचंद्र ने कोंच के बाजारों में छापेमारी की जिससे यहां हड़कंप मच गया और ज्यादातर दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरा कर दुकानदार नौ दो ग्यारह हो गये। इस टीम को एसडीएम मोईन उल इस्लाम, कोतवाल देवेन्द्र कुमार द्विवेदी तथा एसएसआई अजयकुमार सिंह मौजूद रह कर कवर दे रहे थे। टीम ने रामगंज बाजार में तीन दुकानों पर छापा मारा और विभिन्न चीजों के नमूने लिये। संजय गिरवासिया की किराना की दुकान से मटर का आटा व महाकालेश्वर गुटखा, सुरेश ट्रेडिंग कंपनी के दिनेश खिल्लीबालों के यहां से काजू तथा मोहित गुटखा, रामरतन ट्रेडिंग कंपनी के वीरेन्द्र मिठया की किराना की दुकान से सूजी के नमूने भरे गये। इसके बाद इस टीम ने रोडवेज स्टैंड के पास महाकालेश्वर मिष्ठान्न भंडार का रुख किया और वहां से बरफी तथा छैना के सैंपल लिये गये। अगल में ही पटवा कन्फैक्शनरी से टोमेटो सॉस तथा पेस्ट्री के नमूने लेकर परीक्षण के लिये भेजे गये हैं। अंशू अग्रवाल की कन्फैक्शनरी की दुकान का लाइसेंस तुरंत बनाने के निर्देश दिये गये।

Leave a comment