उरई। नजूल की जमीन पर अतिक्रमण कर जेल रोड पर बनाये गये रिसाॅर्ट को शनिवार की दोपहर प्रशासन ने बुलडोजर चढ़वाकर ध्वस्त करा दिया जिससे हड़कंप मच गया।
जेल रोड पर राम नाम की सत्य है, लूट सके सो लूट का आलम चरम सीमा पर है। दो वर्ष पहले प्रशासन ने यहां रातों-रात खड़े किये गये। कामर्सियल सेंटरों को अवैध बताकर जबर्दस्त खौफ खड़ा कर दिया था। जिसमें अधिकारियों को दोनों हाथो से चांदी काटने का मौका मिल गया था। इसके बाद सारे अतिक्रमणकारी राजाबेटा बन गये थे और अपने स्थानों पर इत्मीनान से लाखों रुपये महीने का धंधा चला रहे थे।
इससे प्रोत्साहित होकर यहां गत् दिनों राजदीप रिसाॅर्ट भी भगवान विश्वकर्मा द्वारा रात भर में बनाये गये देव लोक की तर्ज पर नजूल का काफी हिस्सा कथित रूप से दाबकर खड़ा कर दिया गया था लेकिन इसे पता नही कैसे किसी की बुरी नजर लग गई। रिसाॅर्ट के मालिक ने चूक यह की थी कि इसके उदघाटन का कोई अनुष्ठान नही कराया था जिसमें मीडिया के पंडों की पूजा भी अनिवार्य कर्मकांड माना जाता है। इसलिए इसकी शिकायत हो गई और यह रिसाॅर्ट प्रशासन की निगाह में चढ़ गया। सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा के निर्देश पर इस कारण यह रिसाॅर्ट बुलडोजर चलवाकर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार ने गिरवा दिया। कार्रवाई के दौरान इसे देखने के लिए सड़क पर मजमा लगा रहा।






Leave a comment