0 बोले एएसपी, शराब की दुकानें सख्ती से रहेंगी बंद
0 एसडीएम ने कहा कि रंग में भंग न करें, होली का पर्व शांति व सद्भाव से मनायें
कोंच-उरई। रंगों के रंगबिरंगे पर्व होली को लेकर कोतवाली में आयेजित शांति समिति की बैठक में एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य ने कहाकि होली का पर्व आपसी सद्भव कायम रखते हुये भाई चारे के साथ मनायें, किसी भी सूरत में ऐसे रंगों का प्रयोग न करें जिससे लोगों को शारीरिक नुकसान भी हो आपस में कटुता का वातावरण पैदा हो। उन्होंने कहा कि होली परस्पर मेलजोल बढ़ाने की शिक्षा देती है और इसी अवधारणा को पोषित पल्लवित करते हुये हमें त्योहारों की शुचिता को बनाये रखना है। शराब और कच्ची शराब को लेकर भी उन्होंने पुलिस को पैंनी निगाहें जमाये रखने की हिदायत दी। एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने कहा कि होली के त्योहार पर सोशल मीडिया भी प्रशासन के राडार पर रहेगा और कोई भी ऐसी हिमाकत कतई न करे जिससे सांम्प्रदायिक सद्भाव प्रभावित होता हो।
एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य के मुख्य आतिथ्य और एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता में संयोजित पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियोंने स्थानीय लोगों से औपचारिक मुलाकात करने के बाद कहा कि क्षेत्र में त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न पैदा हो और हंसी खुशी त्योहार मनाया जा सके, इसके लिये पुलिस, प्रशासन और आम नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है, अगर हम सब ने मिल कर अपनी अपनी जिम्मेदारी ढंग से ओढ़ ली तो ऐसा कोई कारण नहीं कि रंग में भंग पड़ सके। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि होली पर शराब की दुकानों की बंदी सख्ती से रहेगी और इस पर कड़ी नजर भी रहेगी कि बैक डोर से शराब की बिक्री न होने पाये। होलिका दहन स्थलों का भी निरीक्षण किया जायेगा। कोतवाल देवेन्द्र कुमार द्विवेदी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुये पर्व शांति से मनाने में सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि मिल जुलकर होली का पर्व मनायें और अगर आपस में किसी से गिला शिकवा है भी तो उसे होली की अग्नि में स्वाहा कर दें। यह भी जोड़ा कि जहां होलिका दहन होते हैं वहां फोर्स भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में 84 स्थानों जिसमें कोंच कस्बे में 29 स्थानों पर होलिका दहन किया जाता है। बैठक में उपस्थित लोगों नेे विश्वास दिलाया कि होली का पर्व पारंपरिक रूप से आपसी सद्भाव के साथ मनाया जायेगा। बैठक में एसएसआई अजयकुमार सिंह, एसआई जयवीर सिंह, जेई विद्युत कन्हैयालाल, सेनेट्री इंसपेक्टर अभय सिंह, जल संस्थान से बलवीर सिंह, सरनाम सिंह यादव, हरिश्चंद्र तिवारी, प्रभुदयाल गौतम, रामशरण कुशवाहा, शैलेष सोनी, मनोज दूरवार, रहम इलाही कुरैशी, सुशील दूरवार, इस्तिखार अहमद गुड्डू, काजी बशीर, जॉनी मिश्रा, जितेन्द्र पांडे, आशुतोष रावत, आकाश बुधौलिया, काजी जाहिद आदि मौजूद रहे।
जीत की खुशी और गम को होली का हिस्सा न बनने दें-सुभाष शाक्य
0 ग्राम पनयारा में आयोजित हुई गोष्ठी में बोले एएसपी, शराबियों पर कसेगी लगाम
कोंच-उरई। शनिवार की दोपहर ब्लॉक कोंच के ग्राम पनयारा में गोष्ठी का आयोजन पुलिस के बड़े अधिकारी एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य के आतिथ्य में किया गया जिसमें उन्होंने बिना किसी लाग लपेट के कहा कि अंग्रेजों ने हिंदुओं और मुसलमानों को लड़ाने का काम किया था और यह दुर्भाग्य ही है कि आजादी के सत्तर साल बाद भी हमें थानों में बैठ कर शांति समितियों की बैठकें करनी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं के लिये हम और आप लड़ते हैं वे नेता होटलों में एक साथ बैठ कर चाय की चुस्कियां लेते हैं। सड़क हादसों को लेकर उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सुप्रीम कोर्ट के साफ निर्देश हैं कि किसी भी घायल को अस्पताल पहुंचाने बाले से कोई पूछताछ नहीं की जायेगी लिहाजा यदि उनके सामने ऐसा कोई घटनाक्रम बनता है तो बिना किसी इस भय के कि बिला बजह पुलिस की पूछताछ में उलझना पड़ेगा, घायल को तुरंत चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराने में लोग आगे आयें। उन्होंने ग्रामीणों को आगाह किया कि चुनाव की हार जीत को होली का हिस्सा बिल्कुल भी न बनायें। शराब और जुये से दूर रहें, होली में शराबियों पर लगाम कसने के पूरे इंतजाम पुलिस और प्रशासन ने कर लिये हैं। पुलिस बदमाशों के लिये हौव्वा है न कि शरीफों के लिये। एक युवक ने पुलिस की उगाही को लेकर सवाल उठाये, कहा कि पुलिस चेकिंग के नाम पर छात्रों तक से सौ रुपया वसूलने की दम रखती है तो कैसे माना जाये कि पुलिस जनता की मित्र है। एएसपी ने कहा कि मोबाइल से उसका वीडियो बना कर भेजो, पुलिस के खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी। संचालन ओमप्रकाश उदैनिया व रोहित राठौर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान कोतवाल देवेन्द्र कुमार द्विवेदी, प्रधान अरविंद निरंजन, सुरेन्द्र मास्टर, रवीन्द्र पटेल, अशोक शर्मा, गोविंदसिंह निरंजन, डॉ. प्रदीप पटेल, पप्पू नरी, वरुण पटवा, राजकिशोर, वनवारी, रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।






Leave a comment