उरई। स्नातक डिग्री के नाम पर नाजायज वसूली के खिलाफ छात्राओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और संबंधित महाविद्यालय के प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई के लिए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
माधौगढ़ तहसील के ग्राम भगा की निवासी छात्रा भाग्यश्री ने बताया कि उन्होंने एक निजी महाविद्यालय से विज्ञान वर्ग में स्नातक की पढ़ाई की है। महाविद्यालय में उनका कोई बकाया नही था। फिर भी उन्हें महाविद्यालय जाने पर एक हफ्ते चक्कर लगवाये गये। आखिर में उनसे कहा गया कि उरई स्थित महाविद्यालय के कैंप कार्यालय में संपर्क करें।
भाग्यश्री ने बताया कि मरता क्या न करता सोचकर वे उरई आईं तो उनसे तथाकथित कैंप कार्यालय में डिग्री देने के साढ़े सात सौ रुपये मांगे गये। उन्होंने विरोध किया कि डिग्री के पैसे विश्वविद्यालय में जमा हो जाते हैं इसके बाद कोई पैसा नही लगता। इसके बावजूद उनसे साढ़े सात सौ क्यों मांगे जा रहे हैं। इस पर कहा गया कि वे बिना डिग्री के चुपचाप घर चली जायें इसी में खैरियत है।
सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा ने ज्ञापन लेने के बाद छात्रा को जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।






Leave a comment