belgadee

उरई । जिला मुख्यालय से 22 किलो मीटर दूर जालौन कस्बे में आधी रात के बाद गिट्टी से भरा ट्रक कोतवाली के सामने खानाबदोश परिवार के बैलगाड़ी डेरे पर पलट गया जिसमें दब जाने से 3 बच्चों सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई ।

झांसी से औरैया की तरफ़ जा रहे उक्त ट्रक के ड्राइवर का नियंत्रण स्टेयरिंग पर से ऊबड़ खाबड़ सड़क पर गुजरते समय ओवर लोड होने के कारण छूट गया जिसके चलते सड़क किनारे लौहपीटा पप्पू (42 वर्ष ) के बैलगाड़ी डेरे पर ट्रक जा  गिरा जो भयानक त्रासदी का कारण बन गया  । हादसे के समय पप्पू,उसकी पत्नी माया (40वर्ष ),बेटी नंदिनी (14वर्ष),2 बेटे वीरू (10 वर्ष ) और जय (8वर्ष) गहरी नींद में सो रहे थे जिसके कारण किसी को सम्हलने का मौका नहीं मिल पाया । पांचों को आँख खोलने का अवसर भी नहीं मिला और वे नींद में ही चिरनिद्रा में समा  गए ।

हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर भाग निकला । कोतवाली के सामने का मामला होने के कारण पुलिस का अमला फौरन मौके पर बचाव कार्य के लिए आ गया था  । उच्चाधिकारियों को भी तत्काल सूचित कर दिया गया था । एस डी एम शीतला प्रसाद यादव और सी ओ अवधेश शुक्ला ने आनन फानन में क्रेन और जे सी बी बुलवा कर गिट्टी के नीचे दफन परिवार को निकलवाया । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाये जाने पर डाक्टर ने पाँचों को मृत घोषित कर दिया । दर्दनाक हादसे के कारण पूरे जिले में शोक की लहर छा गई है । एस डी एम शीतला प्रसाद यादव ने साढ़े 9 हजार रुपये और सी ओ अवधेश शुक्ला ने 1 हजार रुपये की मदद अंतिम संस्कार के लिए पास ही दूसरे बैलगाड़ी घर में रह रहे उसके पिता को  अपनी जेब से दी । एस डी एम ने बताया कि हादसा करने वाला ट्रक झांसी के दीपक यादव के नाम से रजिस्टर्ड है । आगे छानबीन जारी है ।

Leave a comment