उरई। शनिवार की रात जेल रोड स्थित गेस्ट हाउस में चल रहे विवाह समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर वर-वधू पक्ष के युवक आपस में भिड़ गये। झगड़े में डीजे को तोड़ने की भी कोशिश की गई।
इस दौरान बात इतनी आगे बढ़ गई कि युवकों में लात-घूंसा चलने लगा। एक युवक का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया। बबाल बढ़ने पर दोनों पक्ष के बड़े बुजुर्ग आ गये जिन्होंने मामला रफादफा कराया और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
शांति हो जाने पर किसी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नही की। इस बारे में शहर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि पुलिस में उक्त झगड़े की कोई शिकायत नही आई है। इसलिए हमारे कार्रवाई करने का कोई आधार नही बनता।
गौरतलब यह है कि डीजे पर युवक-युवतियों दोनों के डांस होते हैं जबकि भारतीय संस्कृति में इस तरह सार्वजनिक डांस को अमर्यादित और असभ्य माना जाता है। बाजारीकरण के चलते डीजे से लेकर और तमाम नये प्रयोग विवाह समारोह में हो रहे हैं जिनसे संस्कृतिवादियो को अटपटा महसूस होना चाहिए लेकिन संस्कृति का झंडा उठाये घूमने वाले इस सिलसिले को प्रतिरोध करने की बजाय इसे आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं।

Leave a comment