उरई। मध्यप्रदेश से सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में हो रही डग्गामारी और ओवरलोड ट्रकोें के धड़ल्ले से संचालन के पीछे मुख्य भूमिका परिवहन विभाग के टीटीओ आनंद वर्मा की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि रामपुरा और माधौगढ़ में मध्यप्रदेश की बिना परमिट की लगभग एक दर्जन बसों की आवाजाही रहती है। धड़ल्ले से हो रही इस डग्गामारी को कोई पकड़ने वाला नही है। आनंद वर्मा धरपकड़ की जिम्मेदार निभाने की बजाय डेरा डालकर रामपुरा और माधौगढ़ क्षेत्र में ही रहते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि डग्गामारी करने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मंगलवार को सुबह साढ़े पांच बजे आनंद वर्मा रामपुरा के होली मोड़ पर पहुंचे जहां से मध्यप्रदेश के लिए एक डग्गामार बस की रवानगी थी। उन्होंने बस के स्टाॅफ से बात करके नजराना वसूला इसके बाद वे आगे बढ़ गये। मध्यप्रदेश से लगभग दो सैकड़ा ओवर लोड बालू से भरे ट्रक भी यहां से गुजरते हैं जिससे जिले की सड़के खस्ता हाल हो चुकी हैं। लेकिन ओवर लोडिंग करने वालों को क्या डर जब उनके सैंयां ही कोतवाल हैं।
आनंद वर्मा ने डग्गामार बस से नजराना वसूल करने के बाद मध्यप्रदेश की सीमा से आ रहे बालू ट्रकों से होली खर्च की वसूली के लिए दिन भर पसीना बहाया। मण्डलायुक्त के.राम मोहन राव से इलाके के लोगों ने मांग की कि इतने परिश्रमी और लगनशील परिवहन अधिकारी को कुछ दिनों के लिए निलंबन का प्रसाद देकर राहत दिलायें जिससे उन्हें आराम करने का भी कुछ मौका मिल सके।

Leave a comment