कोंच-उरई। वसूली में पिछड़ रही कोंच तहसील को पटरी पर लाने के लिये बुधवार को अधिकारियों ने राजस्व संग्रह अमीनों की क्लास लगाई और उन्हें लक्ष्य थमाते हुये कड़ाई से वसूली करने के निर्देश दिये। एसडीएम मोईन उल इस्लाम और तहसीलदार भूपाल सिंह ने संयुक्त रूप से अमीनों को हिदायत दी कि कम से कम एक लाख रुपये की वसूली प्रत्येक अमीन को हर हाल में करके लानी है।
तहसील सभागार में एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता और तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसमें राजस्व संग्रह अमीनों को उनके द्वारा वसूली में अपेक्षित उपलब्धि नहीं हासिल किये जाने को लेकर फटकार लगाई गई, यह भी चेतावनी दी गई कि यदि प्रत्येक अमीन एक लाख की वसूली नहीं कर पाया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। अधिकारियों ने कहा कि देनदारों से कड़ाई से पेश आया जाये और उन्हें किसी भी प्रकार की रियायत कतई न दी जाये। उन्होंने इस बात पर भी कड़ा ऐतराज जताया कि अमीन अपने घर के काम कर रहे हैं और सरकारी काम में बिल्कुल भी रुचि नहीं ले रहे हैं जिससे राजस्व बसूली प्रभावित होना स्वाभाविक है। अधिकारियों ने कहा कि जी जान से बसूली में जुट कर पंद्रह दिनों में दिया गया लक्ष्य हासिल करें। बैठक के बाद तहसीलदार ने मीडिया के सवालों के जबाब में बताया कि हर अमीन के पास पांच से सात लाख तक की वसूली है लेकिन अमीन बसूली में दिलचस्पी नहीं लेते हैं। उन्होंने बताया कि व्यापार कर मद में 22 हजार, मोटर व्हीकल में 1 लाख 25 हजार 454, संग्रह 2 लाख 16 हजार 387, उत्तरप्रदेश अन्य 12 लाख 65 हजार 937, विद्युत 6 लाख 62 हजार 350, बैंक देय 7 लाख 57 हजार 597, अन्य केन्द्र देय 749, ग्राम समाज हर्जाना 11 हजार 750, स्टाम्प देय 4 लाख 62 हजार 627, नगर पालिका 534, जल संस्थान 82 हजार 179, चकबंदी 53 हजार 151 सहित कुल 1 करोड़ 13 लाख 10 हजार 712 रपये की वसूली टारगेट पर है।







Leave a comment