उरई। खूनी डम्फर ने बुधवार को एक महिला समेत दो लोगों के प्राण फिर संकट में डाल दिये।
जालौन जिले में मौरंग परिवहन की महान सेवा करने की वजह से ओवरलोड डम्फर और ट्रक पुलिस व एआटीओ के लिए पवित्र गाय का दर्जा रखने लगे हैं। इनसे सड़कें ध्वस्त हो रही हैं। यह एक अलग मसला है। लेकिन सन्नाते हुए ट्रक और डम्फर आये दिन जनसंख्या नियंत्रण में योगदान के लिए मतवाले रहते जिससे हाहाकार की पराकाष्ठा हो चुकी है फिर भी कोई पसीजने को तैयार नही है।
इसी कड़ी में बुधवार को कुठौंद थाना क्षेत्र में देवनपुरवा निवासी जितेंद्र और उन्हीं के गांव की रजनी को बाइक से जाते समय फौजी ढाबा के करीब औरैया की ओर से फुल स्पीड में चले आ रहे डम्फर ने ऐसी टक्कर मारी कि दोनों मरते-मरते बचे। जितेंद्र (20वर्ष) के पैर में इस दुर्घटना के दौरान फैक्चर हो गया जबकि रजनी (50वर्ष) की हाथ की हडडी टूट गई।

Leave a comment