0 आपूर्ति विभाग की जांच में मिलीं घोर अनियमिततायें
कोंच-उरई। गरीबों का राशन हड़पने और उसे काला बाजारी में ठिकाने लगाना दो कोटेदारों को भारी पड़ गया है, तहसील क्षेत्र की दो उचित दर विक्रेताओं की दुकानों का अनुबंध पत्र निरस्त कर दिया गया है। अब इन गांवों में चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद नई दुकानों का आवंटन होगा। तब तक के लिये इन गांवों के उपभोक्ताओं को राशन दिलाने की वैकल्पिक व्यवस्था पास के लगते गांवों में की गई है।
कोंच तहसील क्षेत्र ही नहीं वरन पूरे जिले में गरीब उपभोक्ता कोटेदारों की दादागीरी से त्रस्त हैं, जब मर्जी हुई राशन दे दिया और अगर नहीं देना है तो महीनों का राशन ये कोटेदार डकार जाते हैं और डकार भी नहीं लेते हैं। तहसील कोंच के ग्राम जमरोही खुर्द और धमसेनी के उचित दर विक्रेताओं द्वारा गरीबों को खाद्य सामग्री नहीं देने की शिकायतें कमिश्नर और जिलाधिकारी के यहां की गईं थी जिन पर आपूर्ति विभाग ने उन्हें नोटिस थमाते हुये दंकानें निलंबित कर दी थीं। एआरओ कोंच अखिलेशकुमार सरोज ने बताया है कि दोनों दुकेानों की जांच की गई जिसमें अनियमितता होना पाया गया जिसके चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर जमरोही खुर्द के उचित दर विक्रेता राजेन्द्र प्रसाद तथा धमसेनी के अब्दुल सत्तार के अनुबंध पत्र 8 मार्च को निरस्त कर दिये गये हैं। इन गांवों के राशन उपभोक्ताओं को सामान मिलने में दिक्कत न हो, इसकी वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। जमरोही के उपभोक्ताओं को गुमावली तथा धमसेनी के उपभोक्ताओं को बिलायां से संबद्घ किया गया है। एआरओ ने बताया है कि अभी चूंकि चुनाव आचार संहिता लगी है लिहाजा नई दुकानों का आवंटन गांवों में खुली बैठक में प्रस्ताव करा कर खंड विकास अधिकारी के स्तर से कराया जायेगा। कैशलेस को लेकर उन्होंने बताया कि कोंच में करनसिंह और नदीगांव में लल्लूराम गुप्ता की दुकान को कैशलेस किया गया है।

Leave a comment