उरई। उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में सबसे सघन सर्वे सोसाइटी फाॅर ग्लोबल एनलाइटमेंट एंड डवलपमेंट नाम की संस्था ने किया। इस संस्था के कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 10 हजार से अधिक वोटरों से बात की। इस आधार पर संस्था के अवैतनिक सचिव प्रोफेसर डाॅ. रिपुसूदन सिंह ने जो एग्जिटपोल गुरुवार की शाम जारी किया है उसके मुताबिक उत्तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों में से भाजपा को 249 तक भाजपा को मिल सकती हैं। उनका कहना है कि इसमें 30 सीटें कम-ज्यादा वास्तविक परिणाम जारी होने पर संभव है।
दूसरे नंबर पर उनके सर्वे के मुताबिक समाजवादी पार्टी रहेगी जिसकी अधिकतम सीटे उन्होंने 65 आंकी हैं। इसमें 15 सीटों के हेर-फेर की गुंजाइश उन्होंने छोड़ी है। उसके सहयोगी दल कांगे्रस को उन्होंने 17 तक सीटें मिलनी की गुंजाइश बताई है। इसमें 5 सीटें इधर-उधर होने की गुंजाइश वे बता रहे हैं। बहुजन समाजपार्टी को 50 सीटे मिल सकती हैं जिसमें 15 सीटें कम-ज्यादा हो सकती हैं। अन्य दलों को उन्होंने 22 सीटे मिलने की संभावना जताई जिसमें 5 इधर-उधर होना संभव है।
इस संस्था के सर्वे के मुताबिक बुंदेलखंड में भाजपा का परचम इस बार बहुत बुलंदी से फहराने जा रहा है। झांसी जिले की चार में से तीन सीटें भाजपा की झोली में गिरने वाली हैं। जबकि एक सीट बसपा को मिल सकती है। ललितपुर की दोनों सीटें भाजपा को मिलने के आसार हैं। हमीरपुर में अशोक चंदेल समेत दोनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार सफल होने जा रहे हैं। यही आलम महोबा की दोनों सीटों का है। चित्रकूट की भी दोनों सीटें भाजपा के खाते मे जा रही हैं। हालांकि बांदा की चार में से तीन सीटें भाजपा को मिलेगीं जबकि एक सीट बबेरू पर सपा अपनी विजय पताका फहरायेगी।
लखनऊ में कैंट सीट जहां मुलायम सिंह की पुत्रवधू अपर्णा उम्मीदवार हैं सहित सभी छह सीटे भाजपा के हत्थे लगने का अनुमान उन्होंने जाहिर किया। आगरा में चार सीटें भाजपा को और एक बसपा को मिलेगी। सपा के दिग्गज नेता नरेश अग्रवाल की मांद में यानि हरदोई जिले में सपा को छह, कांग्रेस को एक और एक सीट भाजपा को मिलने जा रही है। उधर कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में चारों सीटें कांग्रेस की झोली में गिरने वाली हैं। जबकि प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी जिले की सभी सीटें भाजपा फतेह करने वाली है। लेकिन मुख्तार अंसारी के क्षेत्र मऊ जिले में चार में से दो सीटें बसपा को और एक सपा को मिलेगी भाजपा को एक सीट पर संतोष करना पड़ेगा। कल्याण सिंह के क्षेत्र बुलंदशहर जनपद में छह सीटे भाजपा को मिलने जा रही हैं जबकि एक पर बसपा को कामयाबी मिलेगी। जयंत चैधरी के निर्वाचन क्षेत्र मथुरा में चार सीटें आरएलडी को और एक बीजेपी को मिलेगी। सपा के गढ़ मैनपुरी की चारों सीटें सपा को मिलने के आसार हैं लेकिन बदायूं की चार सीटों में उसे दो पर ही संतोष करना पड़ेगा। अन्य दो सीटों में एक भाजपा को और एक बसपा को मिलने का अनुमान जाहिर किया गया है। अलीगढ़ की एक सीट पर भाजपा और एक सीट पर बसपा को कामयाबी मिलने वाली है। जितिन प्रसाद के क्षेत्र शाहजहांपुर में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर तसल्ली करनी होगी। यहां तीन सीटे भाजपा के खाते में जुड़ने के आसार हैं।
डाॅ. रिपुसूदन सिंह ने बताया कि यह सर्वे 155 विधानसभा क्षेत्रों में कराया गया था लेकिन इसमें उत्तर प्रदेश के सभी अंचलों का प्रतिनिधित्व शामिल है। इसलिए पूरे 403 विधानसभा क्षेत्रों के अनुमान की रूपरेखा इसके औसत के आधार पर तय की गई। जो कि वास्तविक परिणामों के काफी नजदीक रहने का विश्वास उन्होंने प्रकट किया है।





Leave a comment