उरई। जनपद की तीनों विधानसभा सीटों की मतगणना कालपी रोड स्थित नवीन मंडी स्थल पर शनिवार को सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कौर ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगैन के साथ प्रेस वार्ता आयोजित कर यह जानकारी दी। उन्होंने शाम 4 बजे तक मतगणना पूरी हो जाने की उम्मीद जाहिर की।
मतगणना के दौरान नवीन मंडी स्थल सुरक्षा बलों की छावनी बना रहेगा। डीएम ने बताया कि तीन कंपनी अर्द्धसैनिक बलों, एक कंपनी पीएसी, 15 इंस्पेक्टर, 72 सब इंस्पेक्टर, 12 हैड कांस्टेबिल, 486 कांस्टेबिल और 48 महिला कांस्टेबिलों की डयूटी मतगणना स्थल पर लगाई गई है। अफवाह और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का फरमान भी जारी कर दिया गया है। इस मामले में किसी भी तरह की रियायत नही दी जायेगी। डीएम ने मीडिया कर्मियों से कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनका भरपूर सहयोग प्रशासन को मिला है। उन्होंने मतगणना में भी यह सहयोग बनाये रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतगणना कक्षों में किसी को मोबाइल लेकर जाने की इजाजत नही दी गई है। उन्होंने मीडिया कर्मियों से धैर्य बनाये रखने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 219 माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम के लिए नवीन मंडी स्थल में दुकान संख्या 15 से 18, 220 कालपी विधानसभा क्षेत्र के लिए जी 11 से 14 और 221 उरई विधानसभा क्षेत्र के लिए जी 3 से 6 तक स्ट्रांग रूम बनाया गया है। सील बंद ये स्ट्रांग रूम सभी उम्मीदवारों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं की मौजूदगी में मतगणना शुरू होने के पहले सुबह साढ़े सात बजे खोले जायेगें।







Leave a comment