कोंच-उरई। रंगों और उमंगों का महान पर्व होली यहां परम्परागत उत्साह के साथ मनाया गया। सोमवार की देर शाम नगर व ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों जगह परम्परागत रूप से होलिका दहन किया गया, तत्पश्चात् लोगों ने एक दूसरे पर अबीर गुलाल लगा कर होली की शुभकामनायें दीं। युवाओं ने गली मुहल्लों में खूब मस्ती की और लोगों के अच्छे भले चेहरों को रंगीन करने का कोई भी मौका नहीं गंवाया। सबसे ज्यादा होली का मजा छोटे बच्चों ने लिया, उन्हें नहीं पता कि किसके ऊपर रंग डालना है, सो जो भी उनके आबड़ में फंसा रंगबिरंगा हो गया।
प्रेम और भाईचारे का रंगीन पर्व होली आसमान चूमती मंहगाई के बाबजूद पूरे जोशो खरोश के साथ मनाया गया। आज के युग में इसका एक ही मतलब है कि समाज में व्याप्त बुराइयों को जला कर खत्म कर देना और प्यार तथा आपसी मेल मिलाप को बढावा देना। कमोवेश इसी अवधारणा के साथ इलाकाई ग्रामीण अंचलों में भी सैकड़ों स्थानों पर होली जलाई गई। दहन से पूर्व विधि विधान के साथ होलिका का पूजन किया गया फिर उसमें आग लगाने के बाद लोगों ने अबीर गुलाल लगा कर एक दूसरे को होली की शुभकामनायें दी। युवाओं में त्यौहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, युवाओं की टोलियां हाथों में रंग लिये निकल पड़ी और खूब चेहरे पोते, मित्रों के घरों में गुझियां पपडियां चटकाईं और खूब मस्ती की। बच्चे भी जमकर हुरियाये, उनकी किलकारियों ने पर्व का मजा जैसे दोगुना कर दिया। लोग अपने परिजनों के साथ मंदिरों में दर्शनार्थ गये और सुख शांति की कामना की। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने भी हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परम्परागत रूप से भारत माता मंदिर पर होली का पर्व मनाया। एक दूसरे को रंगों और गुलाल से सराबोर करते हुये संघियों ने समाज के जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लिया। इस दौरान नगर संघ चालक डॉ. अनिल झा, नगर कार्यवाह शैलेष सोनी, सांसद भानुप्रताप वर्मा, नरोत्तमदास स्वर्णकार, अनिल कपूर स्वर्णकार, विधायक मूलचंद्र निरंजन, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुनीलकांत तिवारी, सुनील शर्मा, डीके सोनी, अमित उपाध्याय, नरेश वर्मा, अमित सोनी, अनिल अग्रवाल, धीरेन्द्र निरंजन, सर्वाचरण वाजपेयी, अरुण मिश्रा, ब्रजेन्द्र कुशवाहा, आशुतोष रावत, आकाश बुधौलिया सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। इधर, प्रशासन और पुलिस पर भी होली का रंग साफतौर पर चढा दिखा, सीओ नवीनकुमार नायक, के अलावा इंसपेक्टर देवेन्द्र कुमार द्विवेदी, दरोगाओं दिनेश यादव, उदयपाल सिंह, जयवीर सिंह, आदि भी जमकर हुरियाये और उन्होंने पुलिस के जवानों को मस्ती करने की पूरी छूट दी जिसके चलते उस इलाके में जो भी पहुंचा, अपनी पहचान ही गुमा बैठा क्योंकि उसे इतना पोता गया कि आइने में अपनी सूरत देख डर गया।





Leave a comment