उरई। गुरुवार को यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गईं। इम्तिहान में शामिल परीक्षार्थियों का हश्र क्या होता है यह तो रिजल्ट आने के बाद पता चलेगा लेकिन परीक्षा केंद्रों पर जो हालत रही उससे पहले ही दिन प्रशासन अपने इम्तिहान में फेल नजर आया। कई परीक्षा केंद्रों पर धड़ल्ले से नकल कराई गई। कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रभावशाली अभिभावक अपने बच्चे की नकल में सहायता के लिए डयूटी देते रहे लेकिन अधिकारियों की नजर में नही आ सके।
कालपी संवाददाता के अनुसार नगर के तीन परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज से परीक्षाएं शुरू हुईं। आर्यकन्या इंटर काॅलेज कालपी की प्रधानाचार्या नुजहत ने बताया कि पहले दिन की प्रथम पाली में हाईस्कूल के हिंदी विषय की परीक्षा थी जिसमें 347 परीक्षार्थियों में 13 ने परीक्षा छोड़ दी। बोर्ड की वेबसाइट पर इसकी जानकारी लोड कर दी गई थी। उधर कोतवाल ईश्वर सिंह ने बताया कि कालपी नगर में तीन तथा एक परीक्षा केंद्र महेबा में बनाया गया है। उन्होंने बताया कि चारों परीक्षा केंद्रों में उपनिरीक्षकों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

Leave a comment