उरई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह की अध्यक्षता में हुई जिसमें 2 अप्रैल को पल्स पोलियो बूथ दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
सीडीओ ने बूथ दिवस के एक दिन पहले 1 अपै्रल को अभिभावकों की जागरुकता के लिए परंपरानुसार रैली निकालने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को बूथों की ओर आकर्षित करने के लिए आदर्श बूथ योजना शुरू की गई है। जिसके तहत माॅडल बूथ पर बच्चों के लिए टाॅफी, गुब्बारे, पेंसिल आदि की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक बूथ की ओर जाने वाले रास्ते में सफेद कलई डलवाई जायेगी और बैनर लगवाया जायेगा जिससे लोग दूर से ही जान सकें कि अमुक जगह बच्चें को दवा पिलवाना है।
बैठक में फाइलेरिया दिवस मनाने पर भी चर्चा हुई। यह आयोजन तीन दिन 20, 21 और 22 मार्च को चलेगा। कार्यक्रम की माॅनीटरिंग विश्व स्वास्थ्य संगठन कर रहा है। फाइलेरिया की दवा मुफ्त पिलवाई जायेगी। आंगनवाड़ी, आशा बहू, एएनएम और प्रधानों के सहयोग से फाइलेरिया की दवा घर-घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को हिदायत दी कि वे लोगों को भली-भांति यह सूचित कर दें कि किसी भी गर्भवती महिला और दो साल तक के बच्चे को दवा पिलवाने की गलती न करें वरना उनकों भारी नुकसान हो सकता है।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. कल्पना बरतारिया, महिला अस्पताल की चिकित्साधीक्षक डाॅ. सुनीता बनौधा, पुरुष अस्पताल के चिकित्साधीक्षक, मेडिकल काॅलेज के चिकित्साधीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी सीडीपीओ और परमार्थ के वरुण सिंह सहित स्वास्थ्य समिति के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment