उरई। वैसे तो वे अभी भी कोई गुमनाम शख्सियत नही हैं बल्कि नौकरशाही में बड़े ओहदेदार हैं लेकिन उन्होंने आज से डेढ़ दशक से भी पहले एक ऐसी भविष्यवाणी की थी जिसे उनके अलावा कहने वाला कोई नही था और अगर यह भविष्यवाणी चरितार्थ हो गई तो एक ज्योतिष के बतौर उनकी हैसियत में ऐसा इजाफा हो सकता है कि देश भर के बड़े-बड़े नेता उनसे अपनी किस्मत बताने की मनुहार करने लग जायें।
इस शख्सियत का नाम है एल. वेकटेश्वर लू जो इस समय मुरादाबाद में मंडलायुक्त के रूप में पदस्थ हैं। लू अपनी सेवा के शुरूआती दिनों में जालौन में जिलाधिकारी बनकर आये थे। इस दौरान उनकी सबसे ज्यादा नजदीकी भाजपा के जिस नेता से थी उसे लोग कांग्रेस सिंह के नाम से पहचानते थे। हालांकि अब उनका यह नाम लोग भूल चुके हैं और वे बदले हुए स्वतंत्रदेव सिंह के नाम से ख्यात हैं।
हालांकि स्वतंत्रदेव उन दिनों जिले की राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश की राजनीति में पहचान बना चुके थे। लेकिन फिर भी किसी को यह अंदाजा नही था कि वे अपने कैरियर में ऐसी कुलाचें भर सकते हैं कि उनका नाम किसी दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री की रेस में लिया जाने लगे। उन दिनों अकेले वेकटेंश्वर लू ऐसे थे जिन्होंने जिले में कई सभाओं में कहा था कि एक दिन स्वतंत्रदेव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होगें। डीएम की इस बात का लोग मजाक उड़ाते थे और मानते थे कि लू साहब चाटुकारिता के लिए स्वतंत्रदेव के प्रति बड़े बोल बोल रहे हैं। लेकिन जिन लोगों को लू साहब का उन दिनों का भाषण याद है वे अब उनकी पारखी निगाह के कायल नजर आ रहे हैं साथ ही कुछ लोग उन्हें एक त्रिकाल दृष्टा ज्योतिष के तौर पर स्थापित करने में लग गये हैं।
हालांकि स्वतंत्रदेव का नाम सीएम पद के लिए फाइनल नही हुआ है लेकिन अगर उनके नाम पर वाकई में मुहर लग गई तो वेकटेश्वर लू से अपना भाग्य जचवाने के लिए नेताओं की कतार लग जाने का अंदाजा गलत नही कहा जा सकता।





Leave a comment