जालौन-उरई। मटर व्यापारी को बेची मटर का भुगतान दो माह बाद भी किसान को न किए जाने एवं व्यापारी से रुपए मांगने पर लड़ाई झगड़े पर आमादा होने व जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत पीड़ित किसान ने सीओ को शिकायती पत्र देते हुए की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सालाबाद निवासी किसान रमाकांत निरंजन ने सीओ संजय कुमार शर्मा को बताया कि उसने जनवरी माह में सुढ़ार-सालाबाद निवासी मटर व्यापारी मंगल पटेल व मुकेश कुमार को हरी मटर बेची थी। जिसका कीमत 1 लाख 31 हजार रूपए थी। जिसमें मटर व्यापारी ने उसे 25 हजार रुपए दे दिए थे। शेष 1 लाख 6 हजार रूपए उसने एक सप्ताह में देने के लिए कहा था। लेकिन तब से लगभग दो माह हो चुके हैं। उक्त व्यापारी उसके शेष रुपए नहीं दे रहे हैं। पहले तो वह कुछ दिन बाद देने का बहाना बनाते रहे। अब उन्होंने रुपए देने से साफ इंकार कर दिया है। इतना ही नहीं गुरूवार को जब वह उनके यहां अपने शेष रूपए लेने के लिए गया तो वह लड़ाई झगड़े व मारपीट पर आमादा हो गए। इतना ही नहीं उन्होंने आइंदा रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित किसान ने सीओ से उसके बाकी रूपए व्यापारी से दिलाए जाने की गुहार लगाई। उक्त मामले को लेकर सीओ ने बताया कि पहले मटर व्यापारी को बुलाकर पूछतांछ की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a comment