जालौन-उरई। शराब ठेके से मुफ्त में शराब मांगने एवं न देने पर सेल्समेन के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत ठेकेदार ने कोतवाली में तहरीर देते हुए की। ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी।
चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम औंता निवासी राहुल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका एक देशी शराब ठेका कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐदलपुर में हैं। गुरुवार की शाम जब उसका सेल्समेन कमल सिंह शराब ठेके पर बैठा था, तभी गांव का ही दबंग चतुर सिंह वहां आ गया और सेल्समेन कमलसिंह पर मुफ्त में शराब देने का दबाव बनाने लगा। जब सेल्समेन ने मुफ्त में शराब देने से मना किया तो उक्त चतुर सिंह ने गाली, गलौज करते हुए लाठी, डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। सेल्समैन के चिल्लाने पर आसपास के लोगों का आता देख दबंग चतुरसिंह सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। ठेकेदार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

Leave a comment