उरई। आटा-इटौरा रोड पर कार पलटने से उसमें सफर कर रहे पुलिस के सिपाही की मौत हो गई।
हमीरपुर के मझगुवां गांव का निवासी मनोज कुमार (35वर्ष) पुत्र करन सिंह पुलिस में सिपाही था। इन दिनों उसकी तैनाती झांसी में डायल-100 सेवा में थी। बुधवार को वह निजी काम से छुटटी पर घर गया था। आज वह बैगनआर से वापस लौट रहा था। इस दौरान आटा-इटौरा रोड पर भभुआ के पास उसकी कार पलट गई। रफ्तार बेहद तेज होने के कारण कार के परखच्चे उड़ गये और वह गंभीर रूप से घायल होकर कार के नीचे दबकर मरणासन्न हो गया।
घटना की जानकारी होने पर आटा पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह कार में फंसे घायल को बाहर निकाला और उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचवाया। लेकिन उसे बचाया नही जा सका। नतीजतन जिला अस्पताल के डाॅक्टरों ने उसको देखते ही मृत घोषित कर दिया। कपड़ों के अंदर मिले कागजों से शिनाख्त होने के बाद सिपाही के घरवालों को सूचना भिजवाई गई। फिलहाल पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

Leave a comment