0 गुलाबी गिरोह ने कुशवाहा विवाह घर में मनाया होली मिलन समारोह
0 स्वर्णकार समाज की महिलाओं तथा अग्रवाल समाज के भी हुये कार्यक्रम
कोंच-उरई। रंग पंचमी के अवसर पर विभिन्न संगठनों द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किये गये, ये आयोजन अधिकांश महिलाओं के नाम रहे। महिला हितों की लड़ाई लडने वाले अगुवाकार संगठन गुलाबी गिरोह ने जहां गिरोह के महिलाओं के बीच अधिकारियों को बुला कर उनकी समस्याओं से अवगत कराया और उनके निराकरण की अपेक्षा जताई, वहीं उन्होंने गुलाल लगा कर उन्हें होली की शुभकामनायें दीं। स्वर्णकार समाज की महिलाओं ने मुरली मनोहर मंदिर में होली मिलन समारोह आयोजित कर समाज में रचनात्मक किये जाने पर जोर दिया।
गुलाबी गिरोह की शीर्ष कमांडर अंजू शर्मा की अध्यक्षता, एसडीएम मोईन उल इस्लाम के मुख्य आतिथ्य व सीओ नवीनकुमार नायक, तहसीलदार भूपाल सिंह, पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया के बिशिष्ट आतिथ्य में धनुताल स्थित कुशवाहा विवाहघर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। एसडीएम ने कहा कि आज के समाज के लिये यह सकारात्मक और अच्छी बात है कि महिलायें अपने हकों के प्रति जागरूक हो रहीं हैं और गुलाबी गिरोह जैसे संगठन उनके हितों को सामने रख कर हर स्तर पर जो प्रभावी पहल करते हैं उनसे महिलाओं में आत्म विश्वास जागा है। इसका सबसे बढिया उदाहरण है कि मौजूदा विधानसभा में अड़तीस महिलायें निर्वाचित होकर पहुंची हैं और यह संख्या आजादी के बाद से अब तक का एक रिकॉर्ड है। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित करते हुये कहा कि आज टूटते जा रहे परिवारों को जोडने में महिलायें अपनी सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभायें। अन्नू मलिक ने मां को समर्पित एक सुंदर गीत गाकर सभी को भावुक कर दिया। संचालन राजेश शर्मा ने किया। इस दौरान सभासद महावीर यादव, लक्ष्मी कुशवाहा, कुसमा, मीरादेवी, सुशीला, रामकली, रेशमा, निम्मी, कुंती, राखी, फूलनदेवी, ऊषा, ममता, विमला, गुड्डी, मालती, गायत्री, रिंकी, कमला, जयंती, वंदना, नंदिनी सहित आधा सैकड़ा महिलायें शामिल रहीं।
मुरली मनोहर मंदिर कमेटी के तत्वाधान में मंदिर परिसर में स्वर्णकार समाज की महिलाओं का होली मिलन समारोह तथा परिचय सम्मेलन मिथलेश की अध्यक्षता, श्रृंगारलता सोनी के मुख्य आतिथ्य तथा सुनीता सोनी दतिया के बिशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ जिसमें परिचय के आदान प्रदान के बाद कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया भी शुरू की गई। महिलाओं ने भजनों कीर्तनों के माध्यम से तथा गुलाल लगा कर होली पर्व मनाया, संचालन पूजा जयेन्द्र सोनी ने किया। इस अवसर पर मुरली मनोहर महाराज का माखन मिश्री से भोग लगा कर सबको प्रसाद वितरित किया गया। उर्मिला सोनी, राजकुमारी, अर्चना, अनीता सिंघाल, अंशू, चंद्ररेखा, रूपादेवी, मनीषा, माधवी, गीता, अर्चना, राधा, विनीता, मंजू, अनीता, रेखा चंदेरिया, ममता सोनी, महक, विमलेश, राधा, महेन्द्र चंदेरिया, संजय सिंघाल आदि मौजूद रहे। आभार चतुर्भुज चंदेरिया, अनिल कपूर ने जताया।
श्री बीसा अग्रवाल समिति द्वारा होली मिलन समारोह जयप्रकाश नगर स्थित अग्रवाल भवन में समिति के अध्यक्ष राजाराम अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान अग्र बंधुओं द्वारा एक दूसरे को अबीर लगा एवं गले मिल कर होली की शुभकामनायें दी गई। अध्यक्ष राजाराम अग्रवाल ने कहा कि होली मिलन समारोह आपस में एकता एवं प्रेमभाव बढ़ाता है। होली एक ऐसा पर्व है जिसमें लोग गिले शिकवे भुलाकर प्रेम और स्नेह के रंग में डुबकी लगाते हैं। समारोह में अखिल भारतीय अग्रवाल परिचय सम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार अग्रवाल ने कहा कि ऐसे समारोह समाज को एकता एवं प्रेम के सूत्र में पिरोने में अहम भूमिका का निर्वाहन करते हुये होली का त्यौहार आपसी प्रेमभाव बढ़ाता है। युवा जिलाध्यक्ष पारसमणि अग्रवाल ने कहा कि होली मिलन समारोह के माध्यम से सभी सजातीय बंधुओं को एक साथ मिलकर पर्व मनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर अशोक बादशाह, शीलू अग्रवाल, शिवम अग्रवाल सहित दर्जनों सजातीय बंधु उपस्थित रहे।

Leave a comment