उरई। बार संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शनिवार की शाम आयोजित हुए समारोह में जिला जज प्रदीप कुमार कंसल ने व्यवसायिक ईमानदारी और न्याय हित में कार्य करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था को सार्थक और सटीक बनाने में उनकी भूमिका को नजरअंदाज नही किया जा सकता। इसलिए वे अपने पेशे की गरिमा के मुताबिक दायित्व निभाएं तांकि पीड़ित शोषित लोगों को इंसाफ मिल सके। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से कहा कि वे अपने कनिष्ठों से प्रेरणा लें और लगातार कानूनी ज्ञान को समृद्ध करते हुए न्यायिक व्यवस्था की शोभा बढ़ाने में योगदान करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एल्डर्स कमेटी के सदस्य शशि कुमार द्विवेदी ने की। जिला जज ने सबसे पहले जनपद बार संघ के नये अध्यक्ष भूपेंद्र विक्रम वेद को शपथ दिलाई। इसके बाद महासचिव अजय पांडेय सहित राहुल द्विवेदी, अनिरुद्ध चैहान, इंद्रजीत आई.जे., संतराम अहिरवार, रविंद्र पांचाल आदि को शपथ ग्रहण कराई गई।
वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व बारसंघ अध्यक्ष यज्ञदत्त त्रिपाठी, अकबर अली, युसुफ इश्तियाक, रामकुमार दीवोलिया, कमर अहमद, लाजपत राय सक्सेना, सरबर हुसैन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a comment