उरई। सरेशाम भागवत सुनने जा रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने व्यस्ततम् मार्ग पर लूट लिया। जिले में कुछ दिनों से हो रही ताबड़तोड़ वारदातों की कड़ी में इस घटना के जुड़ जाने से पहले से हलकान पुलिस प्रशासन में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई।
कस्बा कुठौंद में माधौगढ़ रोड पर पुष्पांजलि गेस्ट हाउस के सामने स्थित दुर्गा मंदिर में भागवत कथा चल रही है। रविवार को शाम लगभग 4 बजे सर्राफा व्यवसायी नन्हें सोनी की पत्नी सुशीला देवी कथा सुनने के लिए जा रहीं थी। अचानक बाइक पर सवार दो लड़के उनके पास आकर रुके। उनमें से एक लड़के ने कहा कि आंटी आप से बात करनी है। जैसे ही वे उसकी बात सुनने के लिए ठहरीं दूसरे लड़के ने कमर से तमंचा निकालकर उनके माथे पर सटा दिया जिससे सुशीला देवी की घिग्घी बंध गई। उसने कहा कि बिल्कुल शोरगुल मत करना। जो जेवर पहने हो सब उतार कर हमें दे दो। सुशीला देवी की चार उंगलियों में सोने की अंगूठियां थी। उन्होंने झटपट चारों अंगूठी उतारकर उसे सौंप दीं। इस बीच अधीर बदमाशों ने उनके गले से सोने की जंजीर और मंगलसूत्र झटक लिया और सरपट बाइक दौड़ाते हुए फुर्र हो गये।
वारदात के बाद कुछ देर तक सुशीला देवी सुन्न जैसी हालत में बनी रहीं। बाद में उन्होंने घरवालों को बुलवाया और पूरी बात बताई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सकते में आ गई। बदमाशों की खोजबीन के लिए घटना स्थल के आसपास पुलिस भागदौड़ करती रही लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नही लग सका।

Leave a comment

I'm Emily

Welcome to Nook, my cozy corner of the internet dedicated to all things homemade and delightful. Here, I invite you to join me on a journey of creativity, craftsmanship, and all things handmade with a touch of love. Let's get crafty!

Let's connect

Recent posts