कोंच-उरई। सोमवार को दो महिलायें चेन स्नेचरों के हाथों के करतब की शिकार हुईं जिसमें एक अपना मंगलसूत्र गंवा बैठी जबकि दूसरे की चेन धागे में फंस गई और स्नेचरों के हाथों में जाने से बच गई। इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की गई है, भुक्तभोगी महिलाओं के परिजनों का कहना है कि शिकायत करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि उनका सामान वापिस मिलने से तो रहा।
न केवल आज बासेरी आठें के पूजन के दौरान बड़ी माता मंदिर में दो महिलाओं की चेनें खींचने का प्रयास किया गया जिसमें एक का मंगलसूत्र तो चला गया जबकि एक की चेन धागे में फंस जाने के कारण बच गई। आने वाले दिनों में नवरात्रि के दौरान भी चेन स्नेचरों के सक्रिय रहने की पूरी आशंका है। सोमवार को बासेरी आठें के पूजन के लिये मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी का फायदा उठाते हुये बड़ी माता मंदिर में सक्रिय चेन स्नेचरों ने दो महिलाओं को अपना शिकार बनाया। नीलम पत्नी सरयू प्रसाद मिश्रा निवासी भदारी हाल निवासी नरिया तिलक नगर कोंच सुबह सात बजे बड़ी माता मंदिर गई थी। जब वह पूजा करके मंदिर से बाहर निकली तो उसका मंगलसूत्र गायब था। दूसरी घटना मुन्नी पत्नी विहारी अग्रवाल निवासी तिलक नगर कोंच भी मंदिर में पूजा करने सुबह लगभग दस बजे पहुंची। जब वह पूजा कर रही थी तभी चेन स्नेचरों ने उसकी गले में पड़ी चेन को झटका लेकिन चेन काले धागे के साथ लिपटी होने के कारण बच गई। दोनों घटनाओं के वक्त वहां पुलिस मौजूद नहीं थी। गौरतलब यह है कि बड़ी माता मंदिर एंसे इलाके में अवस्थित है जहां जरायम करने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है और मौका हाथ लगते ही ये अपना काम उठा देते हैं। कोतवाली पुलिस को इस तरफ गौर करना होगा क्योंकि आने बाले नवरात्रि पर्व के दौरान इस मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ जुटती है लिहाजा वहां तगड़ी सुरक्षा की जरूरत अपरिहार्य मानी जा रही है।

Leave a comment