उरई। समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिनेश यादव जैसारी ने भाजपा के नेताओं पर चुनाव के दौरान अवैध खनन का राग अलाप कर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्य यह है कि पिछली सरकार ने शिकायतें मिलने पर काफी हद तक अवैध खनन पर लगाम लगाने की कोशिश की थी लेकिन राज बदलते ही अवैध खनन करने वालों के हौसले बुलंद हो गये हैं जो सरेआम नजर आने लगा है।
दिनेश ने रविवार को कोंच बस स्टैंण्ड के पास से ओवर लोड बालू लेकर गुजर रहे ट्रैक्टरों की फोटो जालौन टाइम्स को सुबूत के तौर पर भेजी। उन्होंने कहा कि लोग इस भुलावे में थे कि भाजपा की सरकार आते ही खनन माफियाओं पर पता नही कौन सी गाज गिर पड़ेगी। लेकिन हकीकत यह है कि नई सरकार में खनन माफिया सैंया भये कोतवाल, अब डर काहे का का गीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा के नेता बेनकाब होगें।
दिनेश यादव ने कहा कि जिले में बच्चे-बच्चे को मालूम है कि अवैध खनन का सबसे बड़ा माफिया भाजपा से जुड़ा व्यक्ति है। जिस पर इस सरकार में कोई कार्रवाई नही होगी। लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता खामोश होकर नही बैठेगें वे भाजपा के पाखंड को उजागर करने के लिए सड़कों पर उतर कर अवैध खनन कर ढोई जाने वाली मौरंग को रोकने का काम करेगें।







Leave a comment