0 आरोपी पुलिस हिरासत में, एक लाख के नुकसान का अनुमान
उरई। शुक्रवार की दोपहर कोंच कस्बे के कंजर बाबा इलाके में साइकिल पंक्चर सुधारने बाले की गुमटी में उसी इलाके के एक युवक ने शराब पीकर आग लगा दी जिससे गुमटी पूरी तरह स्वाहा हो गई। दारूखोर की इस हरकत पर मोहल्ले के लोग गुस्से में भर गये और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोपी पिटाई के बाद वहां से भाग निकला लेकिन बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया है। आगजनी में तकरीबन एक लाख के नुकसान का अनुमान है।
कोंच के मोहल्ला जवाहर नगर में कंजर बाबा के पास पंद्रह बर्षीय रियाज उर्फ बाबू पुत्र गफ्फार निवासी मालवीय नगर साइकिल की दुकान चलाता है जिसमें पंक्चर जोडने के अलावा वह टायर और ट्यूब भी रखे रहता था। इसी गुमटी की बदौलत उसके परिवार की रोटी चलती थी। शुक्रवार की दोपहर उसी इलाके का रहने वाला दिनेश पुत्र गजराज कुशवाहा निवासी जवाहर नगर शराब के नशे में धुत वहां आया और रियाज से शराब के लिये पैसे मांगने लगा। रियाज ने पैसा देने से मना किया तो वह उसके साथ गाली गलौच करने लगा। रियाज ने जब विरोध किया तो दिनेश ने उसकी गुमटी में आग लगा दी जिससे गुमटी धू-धू कर जलने लगी। वहां खड़े लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही दिनेश को पकड़ कर मरम्मत कर दी। किसी तरह दिनेश भीड़ के चंगुल से छूट कर भाग गया। सूचना पर कोतवाल देवेन्द्र कुमार द्विवेदी ने एसएसआई अजय कुमार सिंह, दरोगा जयवीर सिंह, उदयपाल सिंह, घनश्याम यादव आदि पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर भेजा। फायरकर्मियों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक गुमटी पूरी तरह से स्वाहा हो चुकी थी। पुलिस ने कई जगह दबिशें मारी और आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया है। बताते हैं कि आगजनी में लगभग एक लाख का नुकसान हुआ है।
गुमटी से ही चलता था रियाज का परिवार
आगजनी की शिकार हुई गुमटी केवल एक दुकान भर नहीं थी बल्कि एक गरीब परिवार की रोटी की गारंटी थी। इस गुमटी पर पहले रियाज का बड़ा भाई बैठता था लेकिन सड़क दुर्घटना में उसकी असामयिक मौत के बाद घर चलाने की जिम्मेदारी रियाज पर आन पड़ी। वह दिन भर मेहनत करने के बाद इतने पैसे कमा पाता था कि उसके परिवार के लोग रोटी खा पाते थे। आज उसकी गुमटी जब धू धू कर जल रही थी तो उसकी आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उसका कहना है कि यह सोच कर ही उसका दिल बैठा जा रहा है कि अब परिवार कैसे चल पायेगा।

Leave a comment