कोंच-उरई। आज से काम पर लग गई ऐंटी रोमियो स्क्वैड को देखते ही छिछोरों की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई और वे इधर-उधर भागते नजर आये। शासन की मंशा को देखते हुये स्थानीय पुलिस ने भी ऐंटी रोमियो स्क्वैड का गठन कर काम पर लगा दिया है। स्क्वैड कस्बे के कई स्कूलों और कॉलेजों में गई जिसे देखते ही मजनू टाइप के छिछोरे वहां से फूट लिये। स्क्वैड के सदस्यों ने लड़कियों और लड़कों के परिचय पत्र मांगे और जिनके पास मिले केवल उन्हें ही अंदर जाने दिया गया।
महिलाओं के प्रति घटित होने बाले अपराधों और स्कूल कॉलेजों की छात्राओं के साथ आये दिन होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिये राज्य सरकार ने जो ऐंटी रोमियो स्क्वैड बनाने का फरमान जारी किया था उस पर अमल भी शुरू हो गया है। कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी के निर्देशन में बनी पांच सदस्यीय स्क्वैड ने आज कस्बे के एसआरपी इंटर कॉलेज, मारकंडेयश्वर तिराहा, सूरज ज्ञान महाविद्यालय में छापेमारी की। इस दौरान टीम प्रभारी एसएसआई अजयकुमार सिंह और एक कांस्टेबिल को छोड़ अन्य सदस्य सादी वर्दी में रहे। हालांकि पुलिस की गाड़ी देख तमाम छिछोरे टाइप के रोमियो यहां वहां भागते दिखे। टीम ने स्कूल कॉलेज में जाने बाले लड़के लड़कियों के परिचय पत्र देख कर ही अंदर जाने दिया। टीम में देशवीर, शादाब, नमन आदि शामिल रहे।

Leave a comment