0 स्वच्छता की शपथ दिलाई गई कर्मचारियों को
कोंच-उरई। कार्यालयों में साफ सफाई रखने के जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में आज तहसील सभागार में अधिकारियों ने अधीनस्थों की कक्षा लगाई और उन्हें अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के कड़े निर्देश दिये। अधिकारियों ने कहा कि सभी को साल में सौ घंटे साफ सफाई के लिये देने हैं, कार्यालयों या उसके आसपास कहीं भी गुटखा-तम्बाकू की पीकें नहीं दिखनी चाहिये। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि जो भी व्यक्ति दफ्तरों में पान तम्बाकू से मुंह भर कर आयें उनके काम न किये जायें।
एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता एवं तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में तहसील सभागार में तहसील से जुड़े सभी कर्मचारियों की कक्षा लगा कर उन्हें साफ सफाई को लेकर जरूरी निर्देश दिये। एसडीएम ने कहा कि सभी कर्मचारी अव्वल तो समय से कार्यालय आयें और जिनका काम फील्ड में है वे अपने फील्ड में रहें। जो भी मोबाइल नंबर उन्होंने तहसील में नोट करा रखे हैं उन्हें चैबीसों घंटे खुले रखेें। तहसील परिसर और दफ्तरों को साफ रखना उनकी जिम्मेदारी है और यह तभी संभव है जब कर्मचारी खुद गुटखा-तम्बाकू का सेवन करना बंद करें। साफ सफाई की मॉनीटरिंग समय समय पर जिला और स्थानीय स्तर से की जाती रहेगी और कहीं भी गंदगी दिखने पर कठोर कार्यवाही करने में विभाग कोताही नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने विनियमित क्षेत्र का निरीक्षण किया जिसमें एक कर्मचारी गैरहाजिर पाया गया, उसे नोटिस दिया गया है और एक दिन का वेतन काटा जा रहा है। तहसीलदार भूपाल सिंह ने दो टूक कहा कि यदि कोई व्यक्ति गुटखा या तम्बाकू से मुंह भर कर कार्यालय में आये तो उसका काम बिल्कुल न करें।






Leave a comment