उरई। रामनगर में शुक्रवार को अवैध रूप से पैकबंद गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर प्रशासन ने छापा मारा। फैक्ट्री संचालक और उसका स्टाफ सरकारी अमले को देख तालाबंद करके भाग निकला। तलाशी के बाद प्रशासन ने पूरा भवन सील कर दिया।
अजनारी रोड पर रामनगर में आकाश अग्रवाल काफी अर्से से पैकबंद श्री गुटखा बना रहा था। प्रशासन भी इससे नावाकिफ नहीं था, फिर भी अधिकारी इस ओर आँखे मूँदे रहते थे। लेकिन सूबे के नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इरादे देख प्रशासन की भी भृकुटी गुटखा बनाने वालों के प्रति तन उठी । शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका सिंह के साथ आकाश अग्रवाल के ठिकाने पर दविश दे डाली। उनके साथ भारी पुलिस बल भी था।
हालांकि फैक्ट्री संचालक को प्रशासन की कारवाई की पहले ही भनक मिल गई थी जिसकी वजह से सिटी मजिस्ट्रेट की टीम जब पहुँची तो फैक्ट्री पर ताला जड़ा मिला। सिटी मजिस्ट्रेट ताला तुड़वा कर अन्दर दाखिल हो पाये जहाँ उन्हे 50 बोरी से अधिक तंबाखू और कच्ची सुपाड़ी, पिपरमेंट, लिक्विड और काफी मात्रा में मिश्रित गुटखा बरामद हुआ। साथ ही श्रीगुटखा, जय माता दी, सुपर वी आइ पी गुटखा आदि लिखे रैपर भी बड़ी तादाद में मिले। सिटी मजिस्ट्रेट ने पूरे सामान के साथ फैक्ट्री सील करा दी है।

Leave a comment