0 लुटेरों की बजाज पल्सर बाइक बरामद
0 नदीगांव थाने के कटकरी इलाके का मामला
कोंच-उरई। इलाके में बदमाशों की सक्रियता का पता इसी बात से चलता है कि बीती रात नदीगांव थाना क्षेत्र में बाइक सवार दंपत्ति को असलहेधारी तीन लुटेरों ने तमंचा अड़ा कर लूट लिया और चंपत हो गये। हालांकि बाद में सूचना पर यूपी 100 डायल ने लूट के शिकार दंपत्ति के बताये अनुसार बदमाशों का पीछा किया तो बदमाश अपनी बाइक खेत में पटक कर भाग गये। पुलिस ने बाइक बरामद कर उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी है। दंपत्ति ने थाने में तहरीर दे दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश के जिला टीकमगढ निवासी सजेंद्र पुत्र रघुराज सिंह बुंदेला अपनी पत्नी आशाराजा को बाइक से लेकर अपनी ससुराल नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लोहई जा रहा था। इसी बीच ग्राम कटकरी के पास एक बजाज पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचा अड़ा कर उनकी बाइक रुकवा ली और मारपीट कर लूटपाट कर डाली। लूट की घटना को अंजाम देकर लुटेरे कोंच की ओर भागे। सजेंद्र ने यूपी 100 को सूचित कर दिया तो आनन फानन वहां 1597 पहुंच गई। गाड़ी पर मौजूद भरतसिंह, मनोजकुमार व उदयपाल सिंह ने लूट के शिकार दंपत्ति से लूटेरों के भागने की दिशा पूछ कर उनका पीछा करना शुरू कर दिया। लगभग पच्चीस किलोमीटर तक उन्होंने पीछा किया और जब लुटेरों ने खुद को फंसता हुआ महसूस किया तो वे कोंच कोतवाली के ग्राम पनयारा के पास एक खेत में बाइक फेंक कर रात के अंधेरे में गुम हो गये। यूपी 100 ने लुटेरों की बाइक नं. यूपी 92 एल 3963 को बरामद कर थाने पहुंचा दिया है। सजेन्द्र ने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर लुटेरों का पता लगाने की कोशिश में जुट गई है। सजेंद्र के मुताबिक उसकी पत्नी की बोर्ड की परीक्षा है लिहाजा वह उसे उसके मायके लोहई ग्राम छोडने जा रहा था कि यह घटना घटित हो गई। लुटेरे एक हार, एक मंगलसूत्र, कानों के कुंडल, सोने की एक चेन, झुमकी और पर्स जिसमें चांदी की पायल, तीन मोबाइल और लगभग छह हजार रुपये थे, ले गये हैं। पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।






Leave a comment