कोंच-उरई । प्रमुख सनातनी पर्व शरदीय नवरात्र को लेकर शनिवार को कोतवाली में संपन्न हुई शांति समिति की बैठक में जहां अधिकारियों ने व्यवस्थायें चुस्त दुरुस्त रखने का भरोसा दिया वहीं नागरिकों ने भी पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुये कहा कि किसी तरह की घटनायें न होने पावें इसके लिये सभी प्रमुख देवी मंदिरों पर न केवल पिकेट की ही वरन मोबाइल पुलिस की भी माकूल व्यवस्था रहेगी। बैठक में बिजली पानी और सफाई जैसे प्रमुख मुद्दों पर नागरिकों ने प्रशासन का ध्यान खींचने का प्रयास किया।
एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता, सीओ नवीनकुमार नायक व तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में निपटी शांति समिति की बैठक में नागरिकों की ओर से सपा नेता सरनामसिंह यादव, बरिष्ठ रंगकर्मी नरोत्तम स्वर्णकार, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, शहर काजी बशीरउद्दीन, क्रय विक्रय समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र तिवारी आदि ने पर्व के दौरान आने बाली दिक्कतों के बाबत प्रकाश डालते हुये बिजली, पानी और सफाई के अलावा पुलिस की मंदिरों पर तैनाती, स्ट्रीट लाइटों की जरूरत के मुताबिक दुरुस्ती, सुअरों के स्वच्छंद विचरण आदि की ओर ध्यान खींचा। इन सभी मसलों पर प्रशासन ने सकारात्मक नजरिया अपनाते हुये व्यवस्थायें चाक चौबंद रखे जाने का न केवल अपनी ओर से भरोसा दिया बल्कि संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों के मार्फत भी वचनबद्घता दोहराई। जेई विद्युत कन्हैयालाल ने बताया कि आज से रात्रि दो से चार बजे तक होने बाली बिजली कटौती बंद कर दी गई है। संचालन ओमप्रकाश उदैनिया ने किया, आभार कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी ने जताया। इस दौरान एसआई संजीव यादव, घनश्याम यादव, जयवीर सिंह, सनाढ्य सभा अध्यक्ष मनोज दूरवार, हाजी रहम इलाही कुरैशी, हबीब कुरैशी, सुरेश श्रीवास्तव, श्याम तिवारी, तीते गहोई, नरेश वर्मा, अमित उपाध्याय, अनिल अग्रवाल, प्रशांत मिश्रा जॉनी, रामखिलावन कुशवाहा, जगदीश अग्रवाल, राघवजी गुर्जर, इस्तिखार अहमद गुड्डू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a comment