कोंच-उरई । यहां दो लोगों के बीच के लेन देन के मामले में बीती देर रात कंजरबाबा इलाके में एक व्यक्ति को तकरीबन आधा दर्जन लोग जबरिया उठा कर ले गये और बुरी तरह धमकाते हुये कट्टे से कई फायर किये जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस ने सूचना मिलते ही फौरी कार्यवाही करते हुये हमलावरों का पीछा किया लेकिन वे पुलिस को चकमा देकर रात के अंधेरे में कहीं गुम हो गये। पीडि़त पक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों के विरुद्घ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिये हैं। पीडि़त ने हमलावरों में से एक के खिलाफ अभी तीन दिन पहले ही एनसीआर दर्ज कराई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे के नया पटेल नगर निवासी असलम पुत्र अनवर तथा तिलकनगर निवासी राहुल पुत्र बड़े लला के बीच पैसे के लेन देन का कोई पुराना मामला है जिसे लेकर गुजरी 23 मार्च को राहुल ने असलम की पिटाई कर दी थी। असलम ने राहुल के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506 में एफआईआर दर्ज करा दी थी। बीती रात राहुल ने अपने चार अन्य साथियों रानू मंसूरी, दीपक पटैरया, छोटू राठौर, दीपू यादव के साथ कंजर बाबा के पास इकट्ठा थे तभी असलम वहां से गुजरा तो इन लोगों ने उसके ऊपर फायर झोंक दिये। अपने ऊपर हमला होते देख असलम वहां से भागा। हमलावरों ने उसके घर पर भी धावा बोला लेकिन असलम नहीं मिला, अलबत्ता उसका भाई शान जरूर मिल गया जिसे इन लोगों ने बंधक बना लिया और पकड़ कर सिकरी के हार में ले गये और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इधर, पुलिस को भी मामले की सूचना मिल गई थी जिस पर कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी कोतवाली के अन्य दरोगाओं जयवीर सिंह, संजीव यादव, घनश्याम यादव तथा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन हमलावर शान को छोड़ कर भाग गये। शान की तहरीर पर सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 307, 147, 148, 483, 149, 386 में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a comment