कोंच-उरई । तीन दिन पहले नदीगांव थाना क्षेत्र में दंपत्ति के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस के हाथ लुटेरों के गिरेबां तक पहुंच गये हैं। पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है कि लुटेरों के पास से कुछ माल भी बरामद हुआ है। कल सोमवार को मामले का खुलासा पुलिस कप्तान कर सकते हैं। लुटेरे उरई इलाके के बताये जा रहे हैं। बरामद बाइक के आधार पर ही पुलिस को लुटेरों का सुराग मिला है।
गुजरी 23/24 की रात्रि मध्यप्रदेश के जिला टीकमगढ निवासी सजेंद्र पुत्र रघुराजसिंह बुंदेला अपनी पत्नी आशाराजा को बाइक से लेकर अपनी ससुराल नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लोहई जा रहा था। इसी बीच ग्राम कटकरी के पास एक बजाज पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचा अड़ा कर उनकी बाइक रुकवा ली और मारपीट कर लूटपाट कर डाली। लूट की घटना को अंजाम देकर लुटेरे कोंच की ओर भागे थे। सजेंद्र ने यूपी 100 को सूचित कर दिया तो आनन फानन वहां 1597 पहुंच गई थी और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया था। काफी दूर तक पीछा करके लुटेरों द्वारा छोड़ी गई बाइक पुलिस ने कोंच कोतवाली के ग्राम पनयारा के पास एक खेत में से बरामद कर ली थी। इसी बाइक नं. यूपी 92 एल 3963 को क्लू मान कर पुलिस ने लुटेरों के बारे में सुरागरशी की तो मामला खुल कर आ गया। पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी में बताया गया है पुलिस इन लुटेरों के गिरेबां तक पहुंच चुकी है और कुछ लूट का माल भी बरामद हुआ है। लूट की घटना को अंजाम देने बाले उरई क्षेत्र के बताये जा रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी बताने से परदेदारी बरत रही है लेकिन बहुत संभव है कि कल सोमवार को पुलिस कप्तान मामले का खुलासा कर सकते हैं।

Leave a comment