उरई। एट में पुलिस ने ट्रैक्टर, बाइक आदि वाहन चुराने वाले शातिर अंर्तप्रांतीय गिरोह के दो सदस्यों को गोलीबारी के बीच गिरफ्तार कर लिया है। इनसे चुराया गया एक ट्रैक्टर, आधा दर्जन बाइक और दो तमंचे बरामद हुए।
एट में एक ट्रैक्टर चोरी की घटना के बाद से यह गिरोह पुलिस के रडार पर था। रविवार को रात थानाध्यक्ष मनोज सिंह यादव को सूचना मिली कि सलाघाट के पास से चुराये गये ट्रैक्टर को लेकर बदमाश हाइवे की ओर आ रहे हैं। फोर्स लेकर थानाध्यक्ष मनोज सिंह यादव उन्हें घेरने के लिए पहुंचे तो बदमाशों ने फायर दाग दिये लेकिन जब मनोज सिंह ने भी जबाव में रायफल तान दी तो बदमाशों के होश पस्त हो गये। दो बदमाशों को मौके पर ही ट्रैक्टर के साथ दबोच लिया गया। जबकि उनका एक साथी भाग निकला। इन लोगों ने बताया कि कोंच और जालौन क्षेत्र से इन्होंने कई बाइक चुराईं थीं। यह गिरोह चार पहिया वाहनों के साथ रात में निकलता है और गांव में सड़क के किनारे स्थित बस्तियों में एक साथ कई घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता है।
गिरफ्तार बदमाशों में शरद पाराशर और अरविंद कुमार निवासीगण पुराना बस स्टैण्ड के पास गुरसरांय झांसी शामिल हैं। जबकि इनका साथी विजय निवासी नई बस्ती गुरसरांय झांसी पुलिस के घेरे से बचकर निकल भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर आधा दर्जन चोरी की बाइक बरामद हुईं हैं। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ने मनोज सिंह और उनके सहयोगियों प्रमोद कुमार और वीरेंद्र सिंह उपनिरीक्षक गण, नागेंद्र कुमार, नाजिम हुसैन, विजयपाल सिंह और सत्येंद्र सिंह सभी आरक्षकों की पीठ थपथपाकर हौसला अफजाई की।






Leave a comment