उरई। बेसहारा और नेत्रहीन वृद्धा के मकान पर दबंग की नीयत खराब हो गई जिसके चलते उसने वृद्धा के तीन हजार गुम्मे उठवा लिए साथ ही अल्टीमेटम भिजवा दिया कि अपना मकान खाली करके चली जाओ वरना तुम्हारी खैर नही होगी। हताश वृद्धा दरख्वास्त लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रही है लेकिन कोई उसकी मदद में दिलचस्पी नही ले रहा है।
देहात से जुड़े रामपुरा कस्बे में भी बेसहारा और लाचार लोगों के घर मकान पर कब्जे की हवा जा पहुंची है। रामपुरा के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासिनी 75 वर्षीया कबीरन बेबा मसरुददीन इसकी चपेट में आ चुकी है। उसने अधिकारियों के सामने गुहार लगाते हुए बताया कि उसके घर में 40 वर्षीया उसकी पुत्री सायरा को छोड़कर कोई नही है। उस पर तुर्रा यह है कि उसे दिखाई भी नही देता। उसे अनाथ जान कस्बे का एक दबंग मकान पर कब्जे की नीयत से उस पर हावी होने की कोशिश में जुट पड़ा है। गत् दिनों उसने उत्पीड़न करने के लिए उसके तीन हजार गुम्मे उठवा लिए। जब उसने उलहना दिया तो उसके लोग बोले कि तुम्हारे लिए यही अच्छा होगा कि तुम घर छोड़कर चली जाओ।
कबीरन ने बताया कि उसके मकान में चार पक्के कमरे हैं। इसके चलते मकान की मालियत ठीक-ठाक है। इसलिए दबंग उसका मकान हड़पना चाहता है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जमीन मकानों पर कब्जा करने वाले माफियाओं के खिलाफ अभियान की घोषणा की गई है लेकिन उस पर जो बीत रही है उसे न रोका गया तो लोगों में संदेश जायेगा कि माफियाओं के खिलाफ पुलिस का अभियान हाथी के दांत की तरह दिखावटी है।

Leave a comment