उरई। कोटरा थाने के बिनौरा गांव में दबंगी की इंतहा हो गई। रात में दारू पीकर युवकों ने सामूहिक रूप से महिला को पीटा। इसकी शिकायत पुलिस में की गई तो बौखलाकर उन्होंने सुबह उसे कपड़े फाड़ डाले और उसके साथ उसके पति व दो बेटों की जमकर धुन्न पूजा कर डाली।
बिनौरा में रविवार की रात दिलीप, प्रदीप, जयप्रकाश, सर्वेश और मनोज दारू पीकर आपे से बाहर हो गये थे। अपने दरवाजे पर उन्हें अंटसंट बकते देखा तो गुडडी पत्नी वीरेंद्र ने उन्हें डपट दिया। इससे नाराज होकर वे उसके घर में घुस आये और लातघूंसों से उसे पीटना शुरू कर दिया। गुडडी ने इसकी शिकायत सुबह पुलिस में की जिसकी जानकारी होने पर बजाय भयभीत होने के पांचों फिर उसके घर आ गये और उसके पूरी परिवार पर टूट पड़े। उसे मारा, उसके पति को मारा और दो बेटों को पीट-पीटकर पस्त कर दिया। जाते समय वे लोग उसके पांच हजार रुपये और मोबाइल भी लूट ले गये। महिला ने कोटरा पुलिस में इसकी शिकायत की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच की जा रही है। लेकिन पुलिस इसे बढ़ाचढ़ाकर घटना को बताया जाना कह रही है। फिर भी थानाध्यक्ष ने कार्रवाई की बात कही है।






Leave a comment